नवाज शरीफ की गिरफ्तारी पर बवाल, हिंसक झड़पों में 50 घायल, आज होगी कोर्ट में पेशी

शनिवार, 14 जुलाई 2018 (10:33 IST)
लाहौर। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम के स्वदेश लौटने के बाद गिरफ्तार कर रावलपिंडी जेल भेज दिया गया है। यहां से उन्हें आज अदालत में पेश किया जाएगा।
 
देश के भ्रष्टाचार निरोधक इकाई 'राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो' ने एवेंफील्ड संपत्ति मामले में नवाज और मरियम को यहां पहुंचते ही गिरफ्तार कर रावलपिंडी के सहाला रेस्ट हाउस को उप कारागार घोषित करते हुए दोनों को वहां भेज दिया। भ्रष्टाचार के इस मामले में नवाज को 10 और मरियम को सात वर्ष की सजा सुनाई गई है। 
 
इस बीच पंजाब प्रांत में आयोजित रैली में पीएमएल - एन कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई झड़पों में कम से कम 50 लोग घायल हो गए है। 
 
पंजाब पुलिस के प्रवक्ता नियाब हैदर ने कहा कि लाहौर और पंजाब के निकटवर्ती जिलों में पीएमएल - एन कार्यकर्ताओं, पुलिस और रेंजर्स के बीच हुई झड़पों में 20 पुलिस कर्मियों सहित कम से कम 50 लोग घायल हो गए हैं।
 
उन्होंने बताया कि लाहौर हवाई अड्डे से पांच किलोमीटर पहले जोरे पुल में पीएमएल - एन कार्यकर्ताओं , पुलिस और रेंजर्स के बीच शुक्रवार रात भीषण झड़पे हुईं। वहां पीएमएल - एन की रैली को रोका गया था। पुलिस और रेंजर्स ने प्रदर्शकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पर उस पथराव किया।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी