आईपीएल 8 में कोलकाता ने किया जीत से आगाज

बुधवार, 8 अप्रैल 2015 (20:25 IST)
कोलकाता। इंडियन प्रीमियर लीग की मौजूदा चैम्पियन कोलकाता नाइटराइडर्स ने आठवें संस्करण का आगाज जीत के साथ किया है। आज आईपीएल के पहले ही मैच में कोलकाता ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने की चुनौती मुंबई ने स्वीकार की और कप्तान रोहित शर्मा के 98 रनों की मदद से 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 168 रन बनाए थे। जवाब में कोलकाता ने 18.3 गेंदों में 170 रन बनाकर मैच जीत लिया। सूर्य कुमार यादव 46 और यूसुफ पठान 14 रनों पर नाबाद रहे। 


सूर्य कुमार जीत दिलाकर ही लौटे : सूर्य कुमार यादव ने ईडन गार्डन्स पर बैठे हजारों दर्शकों को जीत का जश्न मनाने का भरपूर मौका दिया। कोलकाता ने 18.3 ओवर में तीन विकेट खोकर जीत का लक्ष्य (170) अर्जित कर डाला। सूर्य कुमार ने 5 गगनभेदी छक्कों की मदद से 20 गेंदों पर 46 रनों की आतिशी पारी खेली और वे टीम को जीत दिलाकर ही मैदान से बाहर आए। दूसरे छोर पर यूसुफ पठान ने भी उनका भरपूर साथ दिया। रोहित शर्मा को यह जरूर मलाल रहेगा कि काश उनके बल्लेबाज और रन बनाते...

कोलकाता जीत के करीब : क्रिकेट के रोमांच ने एक बार फिर करवट बदली और सूर्य कुमार यादव ने तेज पारी खेलकर कोलकाता नाइटराइडर्स को जीत की दहलीज पर ला खड़ा किया है। कोलकाता को जीत के लिए 18 गेंदों में 18 रन की जरूरत है। सूर्य कुमार 33 और यूसुफ पठान 8 रन पर नाबाद हैं। 

छक्का उड़ाने के प्रयास में गंभीर ने विकेट गंवाया : दबाव में गौतम गंभीर खुद पर नियंत्रण नहीं रख सके और बुमराह की गेंद पर छक्का उड़ाने की कोशिश में रायडू को कैच थमा बैठे। गंभीर ने 57 रनों का योगदान दिया। इस तरह कोलकाता ने 14.1 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 121 रन ही बनाए हैं। मैदान पर सूर्यकुमार (19) का साथ देने के लिए यूसुफ पठान पहुंचे हैं। 

मनीष पांडे 40 रन पर आउट : गंभीर और मनीष पांडे धैर्यता के साथ कोलकाता की पारी संवारने में जुटे थे कि हरभजन सिंह ने 12वें ओवर की अंतिम गेंद पर रंग में भंग डाल दिया। मनीष छक्का लगाने के प्रयास में सीमा रेखा पर तैनात कीरोन पोलार्ड के हाथों लपके गए। उन्होंने 40 रनों का योगदान दिया और गंभीर के साथ दूसरे विकेट की भागीदारी में 9.1 ओवर में 85 रन जोड़े। कोलकाता ने दूसरा विकेट 98 रनों के कुल स्कोर पर खोया। 

ईडन गार्डन्स पर गंभीर ने जमाया रंग : आईपीएल की मौजूदा चैम्पियन कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान गौतम गंभीर ने घरू दर्शकों के सामने रंग जमाया और वे पारी संवारने की कवायद में लगे हुए हैं। 10 ओवरों के बाद कोलकाता ने एक विकेट के नुकसान पर  85 रन बनाए हैं। गंभीर 43 और मनीष पांडे 30 रनों पर नाबाद हैं। 

कोलकाता का स्कोर 5 ओवर में एक विकेट खोकर 32 रन : आईपीएल 8 के इस पहले मैच में कोलकाता की पारी के 5 ओवर पूरे हो चुके हैं और उसने एक विकेट खोकर 32 रन बनाए हैं। कप्तान गौतम गंभीर 6 और मनीष पांडे 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों का शानदार क्षेत्ररक्षण दर्शकों को लुभा रहा है। 
 
रॉबिन उथप्पा का शिकार एंडरसन ने किया : मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज कोरी एंडरसन के तीसरे ओवर का स्वागत उथप्पा ने छक्का उड़ाकर किया। एंडरसन ने ओवर की पांचवीं गेंद पर उथप्पा (9) को स्लिप में खड़े हरभजन सिंह के हाथों में‍ झिलवाया। इस तरह मेजबान टीम ने पहला विकेट 2.5 ओवर में 13 रन के स्कोर पर गंवाया। 
 
कोलकाता की सधी हुई शुरुआत : जीत के लिए 169 रनों का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम ने सधी हुई शुरुआत की और सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर व रॉबिन उथप्पा ने गेंदबाज लसिथ मलिंगा के सामने कोई जोखिम नहीं ली। पहले ओवर में मलिंगा ने केवल 3 रन दिए। इस मैच में अपनी टीम का जोश बढ़ाने के लिए टीम मालिक शाहरुख खान भी दर्शक दीर्घा में मौजूद हैं। 

रोहित शर्मा शतक चूके : मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा केवल 2 रनों से अपना शतक चूक गए। मुंबई ने 20 ओवरों मे तीन विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए हैं। इस तरह कोलकाता नाइटराइडर्स को 169 रनों का लक्ष्य मिला है। रोहित ने 65 गेंदों पर 12 चौकों व 4 छक्कों की मदद से नाबाद 98 रन बनाए। कोरी एंडरसन ने 41 गेंदों पर 4 छक्कों व 3 चौकों की सहायता से नाबाद 55 रनों की पारी खेली। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए अविजित 131 रनों की भागीदारी (14.4 ओवर) निभाई।  
 
रोहित शर्मा शतक से 7 रन दूर : 19 ओवर में मुंबई ने 3 विकेट खोकर 148 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा 93 और कोरी एंडरसन 40 रन पर नाबाद हैं। 
 
रोहित शर्मा का शानदार अर्धशतक : मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने नाजुक स्थिति में अपनी टीम के लिए शानदार पारी खेली और नाबाद अर्धशत‍क जमाया। 16 ओवरों के पूरे होने पर मुंबई ने तीन विकेट के नुकसान पर 109 रन बनाए थे। 

रोहित शर्मा अर्धशतक के नजदीक : 14 ओवर में मुंबई ने तीन विकेट के नुकसान पर 80 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा ने 45 गेंदों पर 46 तथा कोरी एंडरसन ने 25 गेंदों पर नाबाद 20 रन बनाए हैं। अब वक्त आ गया है जबकि मुंबई के बल्लेबाजों को जोखिम लेनी पड़ेगी और बड़े शॉट्‍स खेलने होंगे। सुनील नारायण की स्पिन के आगे मुंबई के ये दोनों बल्लेबाज असहाय नजर आ रहे हैं। मुंबई के आउट होने वाले बल्लेबाज हैं फिंच 5, आदित्य तारे 7 और अंबाती रायडू 0।
 
10 ओवर में मुंबई 3 विकेट खोकर 57 रन : कप्तान रोहित शर्मा के नाबाद 36 (5 चौके, 1 छक्का) और कोरी एंडरसन के नाबाद 7 रनों के बूते पर मुंबई इंडियंस की टीम किसी तरह 10 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 57 रन बना चुका है। जब तक रोहित मैदान में है तब तक मुंबई की आस बंधी हुई है और उम्मीद कर रहा है कि ईडन गार्डन्स पर वह एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में कामयाब होगा। 

मुंबई की हालत खस्ता : 7 ओवरों की समाप्ति पर मुंबई का स्कोर 43 रन हुआ है। रोहित शर्मा 29 और कोरी एंडरसन 4 रन पर नाबाद है। इन दोनों बल्लेबाजों पर मुंबई इंडियंस की पारी का दारोमदार है। दूसरी तरफ कोलकाता नाइटराइडर्स के गेंदबाज तीन विकेट लेने के बाद काफी जोश में दिखाई दे रहे हैं।
 
मुंबई के तीन खिलाड़ी सस्ते में आउट : मुंबई के स्कोर कार्ड में अभी केवल 37 रन ही टंगे हैं और 5.3 ओवर का ही खेल हुआ है लेकिन उसके तीन कीमती खिलाड़ी पैवेलियन की शोभा बढ़ा रहे हैं। फिंच (5) के आउट होने के बाद आदित्य तारे (7) और अंबाती रायडू (0) ने भी अपने विकेट गंवाए। तारे को शकीबुल हसन ने उमेश यादव के हाथों झिलवाया, जबकि रायडू स्लिप में यूसुफ पठान के हाथों लपके गए। गेंदबाज थे मोर्केल।
 
मुंबई 4 ओवरों में 28 पर एक विकेट : चार ओवरों का खेल हो चुका है और कोलकाता के गेंदबाज अपनी शानदार गेंदबाजी से दर्शकों की दाद बटोर रहे हैं। फिंच के आउट होने के बाद कप्तान रोहित का साथ देने के लिए आदित्य तारे मैदान में उतरे हैं। 4 ओवरों के बाद मैच का सूरतेहाल यह है कि मुंबई ने एक विकेट के नुकसान पर 28 रन बनाए हैं। रोहित 16 और आदित्य 6 रन पर नाबाद हैं।

आरोन फिंच 5 रनों पर आउट : मुंबई इंडियंस की तरफ से सलामी बल्लेबाज के रूप में रोहित शर्मा और आरोन फिंच मैदान मे उतर चुके हैं। कोलकाता की तरफ से पहला औवर उमेश यादव डाल रहे हैं। मुंबई को दूसरे ओवर में उस वक्त बड़ा झटका लगा जब फिंच को मोर्केल की गेंद पर उमेश यादव ने लपक लिया। फिंच केवल 5 रन ही बना सके। कोलकाता के दर्शकों ने इस शानदार शुरुआत से पूरे स्टेडियम को सिर पर उठा लिया है। 
 









ईडन गार्डन्स पर कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान गौतम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। कोलकाता टीम में चार विदेशी खिलाड़ी रसेल, सुनील नारायण, मर्केल और शाकिब अंतिम 11 खिलाड़ियों में शामिल हैं। दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस की टीम में फिंच, एंडरसन, पोलार्ड और लसिथ मलिंगा के रूप में चार विदेशी खिलाड़ी हैं।
 
दोनों टीमें इस प्रकार हैं : कोलकाता नाइटराइडर्स - गौतम गंभीर (कप्तान), रॉबिन उथप्पा, मनीष पांडे, सूर्य नारायण यादव, यूसुफ पठान, पीयूष चावला, शाकिब उल हसन, आंद्रे रसेल, सुनील नारायण, उमेश यादव, मोर्नी मोर्केल। 
 
मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), अरोन फिंच, अंबाति रायडू, आदित्य तारे, कोरी एंडरसन, कीरोन पोलार्ड, हरभजन सिंह,  लसिथ मलिंगा, विनय कुमार, जेजे बुमराह, प्रज्ञान ओझा। (वेबदुनिया न्यूज)

वेबदुनिया पर पढ़ें