IPL8 : आगाज से पहले मस्ती के मूड में धोनी!

सोमवार, 6 अप्रैल 2015 (22:55 IST)
नई दिल्ली। बहुत मुश्किल से टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को क्रिकेट से फुर्सत मिलती है, लेकिन जब वो फुर्सत में होते हैं तो बिलकुल एक सामान्य आदमी की तरह जिंदगी जीते हैं। तकरीबन चार महीने के अपने विदेश दौरे बाद लौटे धोनी फिलहाल मौज-मस्ती के मूड में में नजर आए। 
 
रांची की सड़कों पर माही ने दौड़ाई बाइक : ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद धोनी को बुधवार से आईपीएल में शिरकत करना है। इतने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद धोनी की कोशिश रहती है कि वो खुद को क्रिकेट के तनाव से दूर रखने के लिए एकदम सामान्य इंसान की तरह समय बिताएं।
 
सारे खिलाड़ी इस टेंशन में हैं कि कैसे आईपीएल में अपने प्रदर्शन से टीम को जीत दिलाई जाए, लेकिन टीम इंडिया के कप्तान और आईपीएल में चेन्नई टीम के मुखिया धोनी साहब रांची की सड़कों पर बाइक का मजा ले रहे है। कप्तान धोनी को जब भी मौका मिलता है वो अपनी पसंदीदा बाइक को लेकर सड़कों पर हवा से बात करने निकल जाते हैं। पूरी दुनिया जानती है कि धोनी बाइक के कितने शौकीन हैं। धोनी के घर बाइक की भरमार है। खास बात ये है कि धोनी के पास जितनी देसी बाइक है, उतनी ही विदेशी भी।
 
देवड़ी मंदिर में माही ने टेका मत्था : रांची का देवड़ी मंदिर महेंद्र सिंह धोनी के लिए सबसे बड़ा तीर्थ स्थान है। धोनी जब भारतीय क्रिकेट में एक गुमनाम सितारे थे तब से वो इस मंदिर में हर बार दर्शन के लिए आते हैं। आज धोनी अपने जीजा और दोस्तों के साथ इस मंदिर में पूजा के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि धोनी अपनी बेटी जीवा और पत्नी के साथ आएंगे, लेकिन वो अकेले ही आए। इतना ही नहीं इस मौके पर धोनी ने चाहने वालों को ऑटोग्राफ भी दिए और फोटो भी खिंचवाई। (khabar.ibnlive.in.com से)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें