धोनी को महंगा पड़ा बाइक पर घूमना,कटा चालान

बुधवार, 8 अप्रैल 2015 (11:28 IST)
भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का बाइक चलाने का शौक जगजाहिर है। वे अक्सर कोहली व युवराज के साथ बाइक की सवारी करते देखे गए हैं। लेकिन, भारतीय कप्तान का यह शौक उन्हें महंगा पड़ गया!  


 
टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर ट्रैफिक नियम तोड़ने पर 500 रुपये का जुर्माना किया गया है। धोनी सोमवार को अपनी विंटेज बुलेट बीएसए गोल्ड स्टार DBD 34 (MHP-6518) पर रांची की सड़क पर निकले थे। उन्हें नंबर प्लेट से जुड़े नियम के उल्लंघन को लेकर जुर्माना लगाया गया।
 
ट्रैफिक एसपी कार्तिक एस ने बताया कि धोनी पर मोटर व्हीकल एक्ट के सेक्शन122/179 के तहत 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। धोनी के परिवार ने कहा कि उन्होंने जुर्माना चुका दिया। धोनी ने अनजाने में ट्रैफिक नियम तोड़ा था।
 
एमवीआई एक्ट के मुताबिक किसी भी वाहन में इसका रजिस्ट्रेशन नंबर सामने और पीछे सीधा दिखना चाहिए। धोनी की बाइक में सामने की तरफ नंबर प्लेट नहीं लगी थी। जबकि ये नंबर सामने वाले पहिए के मडगार्ड पर लगा था। ट्रैफिक एसपी ने कहा कि अखबारों में बाइक के साथ धोनी की तस्वीर छपी थी जिसमें दिख रहा था कि नंबर प्लेट हेडलाइट के नीचे ना होकर मडगार्ड के उपर वर्टिकली लगी थी जो कि ट्रैफिक नियम का उल्लंघन है।  

वेबदुनिया पर पढ़ें