रैना को मिलेगी कड़ी चुनौती, क्या काम करेगा लेडी लक...

शनिवार, 4 अप्रैल 2015 (23:03 IST)
नई दिल्ली। आईपीएल का आठवां सत्र शुरू होने से चार दिन पहले विवाह बंधन में बंध गए धुरंधर  बल्लेबाज सुरेश रैना के आईपीएल में सर्वाधिक रनों के रिकॉर्ड को इस बार कड़ी चुनौती मिलेगी।

आईपीएल का आठवां सत्र आठ अप्रैल से शुरू हो रहा है। रैना शुक्रवार को विवाह बंधन में बंध गए थे।  चेन्नई सुपरकिंग्स के बाएं हाथ के बल्लेबाज रैना ने आईपीएल के इतिहास में सर्वाधिक 115 मैच  खेलकर 35.75 के औसत और 142.03 के स्ट्राइक रेट से 3325 रन बनाए हैं जिनमें एक  शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं।

रैना के रिकॉर्ड को मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा, कोलकाता नाइटराइडर्स के गौतम गंभीर और रॉयल  चैलेंजर्स बेंगलुरु के क्रिस गेल से कड़ी चुनौती मिलेगी। रोहित 112 मैचों में 2903 रन, गंभीर  104 मैचों में 2806 रन और गेल 68 मैचों में 2708 रन बना चुके हैं।

रोहित, गंभीर और गेल तो आईपीएल में 3000 रन पूरे करने के काफी करीब हैं जबकि रॉयल  चैलेंजर्स बेंगलुरु के विराट कोहली, कोलकाता नाइटराइडर्स के रोबिन उथप्पा, किंग्स इलेवन पंजाब के  वीरेन्द्र सहवाग और चेन्नई सुपरकिंग्स के महेन्द्र सिंह धोनी के पास भी 3000 रन पूरे करने का  मौका रहेगा। विराट अब तक 2632, उथप्पा 2632, सहवाग 2629 और धोनी 2614 रन  बना चुके हैं।
क्या छक्कों का दोहरा शतक बना पाएगा यह दिग्गज...

कैरेबियाई तूफान क्रिस गेल आईपीएल में छक्कों का दोहरा शतक पूरा करने  से मात्र आठ कदम दूर हैं। गेल 68 मैचों में 192 छक्के मार चुके हैं। उनके नजदीकी प्रतिद्वंद्वी  उनसे मीलों दूर हैं। रैना के नाम 134, रोहित के नाम 126, यूसुफ पठान के नाम 115,  युवराज के नाम 110, धोनी के नाम 109 और सहवाग के नाम 103 छक्के हैं।

आईपीएल के इतिहास में अब तक दो गेंदबाज ही 100 विकेट पूरे करने की उपलब्धि हासिल कर  पाए है। मुंबई के ‘यार्करमैन’ श्रीलंका के लसिथ मलिंगा 83 मैचों में 119 विकेट और आठवें सत्र  के लिए दिल्ली डेयरडेविल्स में शामिल किए गए लेग स्पिनर अमित मिश्रा 86 मैचों में 102  विकेट ले चुके हैं।

कोलकोता नाइटराइडर्स के लेग स्पिनर पीयूष चावला 98 मैचों में 98 विकेट के साथ इस उपलब्धि  से दो कदम दूर है। मुंबई के ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह 96 मैचों में 91 विकेट ले चुके हैं।  आर.विनय कुमार ने 91, डेल स्टेन ने 89 और प्रज्ञान ओझा ने 89 विकेट लिए हैं।

टूटेगा एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड... अगले पन्ने पर...

आईपीएल में विकेट के पीछे सर्वाधिक 66 शिकार करने का  ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड इस बार टूट जाएगा। गिलक्रिस्ट ने आईपीएल में 80 मैचों  में 67 शिकार किए हैं। चेन्नई के कप्तान और विकेटकीपर महेन्द्र सिंह धोनी तथा बेंगलुरु के दिनेश  कार्तिक इस रिकॉर्ड को तोड़ने से दो कदम दूर हैं। धोनी और कार्तिक दोनों के नाम 66-66 शिकार  हैं। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें