जम्मू कश्मीर में 6 सालों में केवल 631 बाहरी लोगों ने खरीदी जमीन

सुरेश एस डुग्गर

शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2025 (15:29 IST)
Jammu Kashmir news in hindi : जम्मू कश्मीर के पुनर्गठन के 6 साल के उपरांत भी देश के अन्य भागों के लोगों को जम्मू कश्मीर में जमीन जायदाद खरीदने में कोई दिलचस्पी नहीं है। सरकार द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों से स्पष्ट होता है कि पिछले 6 सालों में मात्र 631 लोगों ने ही प्रापर्टी खरीदी है और इसमें से भी अधिकतर जम्मू संभाग में खरीदा गया है। कश्मीर में सिर्फ औद्यौगिक इस्तेमाल के लिए ही जमीन खरीदी गई है।
 
जम्मू कश्मीर सरकार ने खुलासा किया है कि अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद से 631 बाहरी लोगों, यानी केंद्र शासित प्रदेश के अनिवासियों ने जम्मू कश्मीर में जमीन खरीदी है।
 
विधानसभा में विधायक शेख अहसान अहमद द्वारा प्रस्तुत अतारांकित सरकारी प्रश्न संख्या 286 के अनुसार, विवरण बताते हैं कि जम्मू कश्मीर में गैर स्थानीय लोगों द्वारा 130 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की जमीन का अधिग्रहण किया गया है।
 
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जम्मू क्षेत्र में 378 अनिवासियों ने 212 कनाल, 13 मरला और 128 वर्ग फुट जमीन खरीदी है, जिसका मूल्य लगभग 90.48 करोड़ रुपए है। वहीं, कश्मीर क्षेत्र में 253 अनिवासियों ने 173 कनाल और 7 मरला जमीन खरीदी है, जिसका कुल मूल्य 39.49 करोड़ रुपए हैं।
 
यह खुलासा 5 अगस्त, 2019 के संवैधानिक परिवर्तनों के बाद गैर-निवासियों से जुड़े भूमि लेनदेन की आधिकारिक पुष्टि करता है, जिसने दशकों में पहली बार बाहरी लोगों को जम्मू कश्मीर में संपत्ति रखने की अनुमति दी।
 
इससे पहले पिछले साल राज्यसभा को बताया गया था कि पिछले तीन वर्षों में जम्मू कश्मीर के बाहर के 185 लोगों ने केंद्र शासित प्रदेश में जमीन खरीदी है। हालांकि, तत्कालीन केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा था कि लद्दाख द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेश में बाहरी लोगों द्वारा कोई जमीन नहीं खरीदी गई है।
 
तब उन्होंने एक लिखित प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा था जम्मू कश्मीर सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वर्ष 2020, 2021 और 2022 के दौरान केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के बाहर के कुल 185 लोगों ने केंद्र शासित प्रदेश में जमीन खरीदी है।  उन्होंने बताया था कि 2020 में एक व्यक्ति ने, 2021 में 57 लोगों ने और 2022 में 127 लोगों ने जमीन खरीदी थी।
edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी