सोना 124 रुपए टूटा, चांदी भी रही नरम

सोमवार, 2 अगस्त 2021 (18:19 IST)
नई दिल्ली। सोने का भाव अंतरराष्ट्रीय बाजार में नरम होने और डॉलर के मुकाबले रुपए की विनिमय दर में सुधार के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 124 रुपए की गिरावट के साथ 46,917 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी।

सोने का पिछला बंद भाव 47,041 रुपए प्रति 10 ग्राम था। चांदी भी 18 रुपए की मामूली गिरावट के साथ 66,473 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। इसका पिछला बंद भाव 66,491 रुपए था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल के अनुसार, अमेरिकी जिंस बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट और रुपए के मूल्स में सुधार आने से दिल्ली में 24 कैरेट सोने की हाजिर कीमत में 124 रुपए की गिरावट आई।

विदेशी विनिमय बाजार में सुबह के कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया नौ पैसे की तेजी के साथ 74.33 रुपए प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना हानि दर्शाता 1,808 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा था, जबकि चांदी 25.47 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित थी।(भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी