केंट में कम नहीं हैं राहुल द्रविड़ के मुरीद

शनिवार, 27 अगस्त 2011 (23:18 IST)
राहुल द्रविड़ ने 11 साल पहले केंट में काउंटी क्रिकेट खेला था, लेकिन यहां लोग अभी भी उन्हें अपना मानते हैं और उनके पेशेवर अंदाज के कायल हैं। द्रविड़ ने केंट के लिए 16 मैचों में 55.50 की औसत से 1221 रन बनाए थे।

क्लब के तेज गेंदबाज मार्टिन मैकाग ने कहा कि हर कोई आज भी इस बारे में बात करता है कि कैसे द्रविड़ ने ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर शेन वार्न को बखूबी खेला था। उन्होंने पहली पारी में 70 रन और दूसरी पारी में शतक जमाया था। उन्होंने कहा कि बल्लेबाजों के लिए कब्रगाह साबित हुई पिच पर उन्होंने 90 रन बनाए। क्रिकेट के मैदान के बाहर भी अपने बर्ताव के दम पर द्रविड़ ने कई प्रशंसक बनाए।

मैकाग ने कहा कि वे हमेशा टीम मील डिनर्स के लिए उपलब्ध रहते थे। वे चाहते तो मना भी कर सकता थे पर उन्होंने कभी ऐसा नहीं किया। स्थानीय कैमरामैन बिपिन पटेल ने भी द्रविड़ को करीब से खेलते देखा है। बाद में दोनों की दोस्ती हो गई और द्रविड़ उनके घर डिनर पर भी गए।

पटेल ने कहा कि मैंने द्रविड़ से कहा कि मैं उन्हें लेने आता हूं, लेकिन उन्होंने कहा कि वे खुद आएंगे। वे समय पर पहुंचे। उस समय उनकी शादी नहीं हुई थी। मुझे याद है कि बाद में उनके माता-पिता उनकी देखभाल के लिए इंग्लैंड आए थे।

मैकाग ने कहा कि द्रविड़ को हमेशा व्यवस्थित और अनुशासित ही पाया। उन्होंने कहा कि वे कभी शॉर्ट्‍स या ऐसा कुछ पहनकर बाहर नहीं आते। उनके क्रिकेट के साजोसामान भी व्यवस्थित रखते थे। वे हमेशा एकदम सफेद कपड़े पहनते थे। पटेल की बेटियां रिति और हिमाया उस समय टीनएजर थीं, जब द्रविड़ उनके घर डिनर के लिए गए थे।

रिति ने कहा कि उन दिनों उनका अंगूठा टूटा हुआ था। वे काफी खुशमिजाज थे और सितारों की तरह पेश नहीं आ रहे थे। उन्होंने कहा था कि उन्हें घर का खाना बहुत याद आता है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें