वरुण के बयान बढ़ा सकते हैं सुल्तानपुर में मां मेनका की मुश्किल, नाराज हो सकते हैं यादव और राजपूत

बुधवार, 8 मई 2019 (08:47 IST)
सुल्तानपुर। पीलीभीत से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे वरुण कपूर वहां मतदान के बाद अब सुल्तानपुर में अपनी मां मेनका गांधी के लिए जोर शोर से प्रचार कर रहे हैं। हालांकि इस दौरान वह लगातार विवादास्पद बयान दिए जा रहे हैं। उनके बयान मेनका गांधी की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं।
 
वरुण ने एक चुनावी सभा में कहा था- 'एक इंसान बिना स्वाभिमान के केवल एक लाश होता है। मैं एक ही चीज आपको कहना चाहता हूं, किसी से डरने की जरुरत नहीं है। केवल एक से डरा जाता है और वो भगवान है। अपने पाप और गुनाहों से लोगों को डरना चाहिए, किसी मोनू-टोनू से डरने की जरूरत नहीं है। मैं खड़ा हूं यहां पर, मैं संजय गांधी का लड़का हूं, मैं इन लोगों से अपने जूते खुलवाता हूं।
 
वरुण का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। उनके इस बयान यादव और मुस्लिम मतदाता नाराज हो सकते हैं।
 
वरुण ने अगले ही दिन एक बार फिर विवादित बयान देते हुए कहा कि मैं अपनी मां के नाम पर नहीं, इस भारत मां के नाम पर वोट मांग रहा हूं। क्या आप सब लोग भारत माता के नाम पर वोट देने को तैयार हैं, क्या आप हिंदुस्तान के साथ हैं, या पाकिस्तान के साथ है? क्योंकि अगर आपने गठबंधन को जिता दिया तो भइया तो ये पाकिस्तान के आदमी हैं सब, क्या मैं गलत कह रहा हूं? किसने राम भक्तों को गोलियां मारी? 500 लोगों को मारे और खून बहे, मैं भूल नहीं सकता इन बातों को। क्या मैं झूठ बोल रहा हूं?'
 
गौरतलब है कि इस लोकसभा चुनाव में भाजपा ने मेनका गांधी और उनके बेटे वरुण गांधी की सीटें बदल दी थीं। वरुण गांधी अब पीलीभीत से और मेनका गांधी सुल्तानपुर से चुनाव लड़ रही हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी