प्यार के पॉजीटिव इफेक्ट

गुरुवार, 21 अक्टूबर 2010 (11:35 IST)
मीरा राय

ND
प्यार सबको जीना सिखा देता है साथ ही किसी के लिए मिटने का जज्बा भी पैदा कर देता है। प्यार में पड़े जोड़े को जीने का उद्देश्य मिल जाता है। वह कोई काम अपने लिए नहीं कर रहा होता बल्कि हर वक्त दूसरा याद आता है। प्यार का यही पॉजीटिव इफेक्ट किसी भी इंसान को सफलता और जिंदगी जीने का मकसद पाना सिखा देता है। अब प्यार सिर्फ त्याग का परिचायक भर नहीं रहा, सफलता का भी पर्याय बन चुका है। इन सफलताओं के पीछे क्या कारण छुपे होते हैं आइए जानते हैं :

जीवन का व्यावहारिक नजरिया
लड़कियाँ अपने जीवन और रिश्तों को लेकर ज्यादा संजीदा होती हैं। साथ ही लाइफ को लेकर प्रैक्टिकल भी। इसलिए अपने साथी को सही राह दिखाने में कामयाब होती हैं। मनोविदों का मानना है कि लड़के, लड़कियों के बनिस्बत काफी लापरवाह होते हैं। पर उन्हें सही राह दिखाने वाला कोई अच्‍छा साथ मिल जाए तो वे तरक्की करते हैं। उनकी साथी लड़की उन्हें किसी कार्य की अहमियत समझा पाने में अक्सर सफल होती हैं क्योंकि लड़का प्यार में उसकी बातों को नजरअंदाज नहीं कर पाता।

असफलता में भी साथी
सफलता में सभी साथी होते हैं लेकिन आपका सच्चा साथी असफलता में साथ होता है। असफलता की स्थितियों में मानसिक संबल की सबसे अधिक जरूरत होती है। इन परिस्थितियों में प्रोत्साहन और एक-दूसरे का साथ आसानी से मुश्किलों से निकलने में सहायक होता है।

चुनौतियाँ स्वीकार करने का साहस
जीवन में एकरसता को असफलता का प्रतीक माना जाता है। दरअसल जो व्यक्ति नई-नई चुनौतियों को नहीं कबूलता, उसके जीवन में एकरसता आने का भय होता है। एक-दूसरे का साथ नई-नई चुनौतियों को स्वीकार कर सकने का साहस देता है। हर वक्त किसी के आपके बिल्कुल नजदीक होने का एहसास बहुत सुखद होता है। खासकर लड़के अकेलेपन का शिकार हो जाते हैं। लड़कियाँ इन स्थितियों में भी उनका ध्यान रख उन्हें इन स्थितियों से उबार लेती हैं।

प्यार में पड़े जोड़े को जीने का उद्देश्य मिल जाता है। वह कोई काम अपने लिए नहीं कर रहा होता बल्कि हर वक्त दूसरा याद आता है कि मेरे इस काम से वह कितना खुश होगा या मेरी यह बात उसे कितना हर्ट करेगी। प्यार ऐसे गुण पैदा कर देता है कि व्यक्तित्व में मूलभूत बदलाव आते हैं, ये बदलाव सफलता में सहायक होते हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें