2 साल में एमपी की सड़कें होंगी अमेरिका जैसी, केंद्रीय मंत्री गडकरी ने दी बड़ी सौगात, CM यादव बोले- लौट रहा गौरवशाली इतिहास
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज का यह प्रदेश, खासकर मालवा के लिए ऐतिहासिक है। हमारे अतीत का लगभग एक हजार साल का गौरवपूर्ण इतिहास लौट रहा है। यह हमारे लिए गौरवपूर्ण क्षण है। ये हमारे लिए नया रिकॉर्ड है। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रदेश के विकास के लिए अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की सौगात पूरब को पश्चिम और उत्तर से दक्षिण को जोड़ रही है।
जिन मार्गों से द्वारिका, बद्रीनाथ, श्रीकृष्ण, श्रीराम और महाराजा शिवाजी का संबंध है, उसका केंद्रबिंदु उज्जैन को बनना था, लेकिन ऐसा हो नहीं सका। मुगल जब अपनी राजधानी दिल्ली से हटाकर आगरा ले गए उस वक्त आगरा-मुंबई राजमार्ग बन गया। तब भी उज्जैन पीछे रह गया था। अंग्रेज 1912 में राजधानी तो दिल्ली ले आए, लेकिन उस राजमार्ग के रास्ते पर उज्जैन छूट गया था।
बदल रही लोगों की जिंदगी
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुझे इस बात की खुशी है कि केंद्रीय मंत्री गडकरी के माध्यम से वो गौरवशाली इतिहास राजमार्ग के माध्यम से वापस मिल रहा है। गरोठ वाला राजमार्ग जबलपुर से आकर देवास से उज्जैन जाएगा। इससे हमें फायदा होगा। दूसरी ओर, उज्जैन के बाद सुपर एक्सप्रेसवे शुरू होगा। यह मार्ग दिल्ली-मुंबई की 14 घंटे की दूरी घटाकर 7 घंटे कर देगा। यह विकास वास्तव में क्रांति है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री गडकरी के नेतृत्व में भारत की सड़कें चमचमा गईं। उन्होंने गांव से गांव को जोड़ दिया। इस मामले में मध्यप्रदेश भाग्यशाली है। आज सड़कों की कनेक्टिविटी से लोगों की, किसानों की, उद्योगपतियों की जिंदगी बदल रही है।
सिंहस्थ में मिलेगी मदद
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि आने वाले समय में धार जिले में बदनावर की सूरत बदल जाएगी। बड़नगर, नागदा, इंदौर, उज्जैन, देवास, धार, पीथमपुर, शाजापुर, मक्सी, को मेट्रोपोलिटन सिटी बनाएंगे। आने वाले समय में भोपाल, नर्मदापुरम, सीहोर, रायसेन, विदिशा को मिलाकर दूसरी मेट्रोपोलिटन सिटी बनाई जाएगी। बाद में ग्वालियर और जबलपुर की भी सूरत बदलेंगे। डबल इंजन की सरकार में विकास के काम हो रहे हैं। आज उज्जैन-बदनावर फोर लेन का लोकार्पण हो रहा है। इस मार्ग के माध्यम से भविष्य में गुजरात से मध्यप्रदेश कनेक्ट होगा। इस मार्ग के माध्यम से सोमनाथ, उज्जैन, ओंकारेश्वर ज्योर्तिलिंग आपस में जुड़ेंगे। इस मार्ग से उज्जैन सिंहस्थ में भी बड़ी मदद मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री गडकरी बोले- एमपी का विकास देखकर खुशी होती है
दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि मध्यप्रदेश बहुत तेजी से विकास कर रहा है। किसी भी देश के विकास में चार चीजें महत्वपूर्ण होती हैं। इन्हें हम इंफ्रास्ट्रक्चर कहते हैं। इसमें वॉटर, पावर, ट्रांसपोर्ट एंड कम्युनिकेशन। यह चार चीजें जहां होती हैं वाहन उद्योग और व्यापार बढ़ता है, वहां रोजगार मिलता है। जहां रोजगार मिलता है वहां गरीबी भुखमरी और बेरोजगारी दूर होती है।
मध्य प्रदेश को सुखी समृद्ध और संपन्न बनाने का मिशन मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के सामने है। इसलिए सभी क्षेत्रों में मध्य प्रदेश बहुत तेजी से प्रगति कर रहा है यह प्रगति का इतिहास मैंने बहुत नजदीकी से देखा है। मैं आप सबको मध्यप्रदेश की जनता को मुख्यमंत्री को, मंत्री को, सांसदों को इस बात का विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आने वाले 2 साल के अंदर मध्यप्रदेश का नेशनल हाईवे रोड नेटवर्क अमेरिका से भी अच्छा बनेगा।
Edited By : Chetan Gour