लाड़ली बहनों को दीपावली से हर माह मिलेंगे 1500 रुपए, CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा एलान

विकास सिंह

गुरुवार, 19 जून 2025 (14:23 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार प्रदेश की लाड़ली बहनों को दीपावली पर बड़ा तोहफा देने जा रही है। दीपावली से लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपए की राशि दी जाएगी। इस बात की जानकारी खुद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने  गुरुवार को इंदौर में मीडिया से बात करते हुए दी। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के पर्व पर सरकार लाड़ली बहनों  को 250 रुपए अतिरिक्त और दीपावली से हर महीने 1500 रुपए देगी।

इंदौर में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र में लाड़ली बहनों को 3 हजार रूपए देने की घोषणा की है और हम डंके की चोट पर कहते हैं  कि हम इस राशि को 3 हजार करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सरकार बनी तो लाड़ली बहनों को एक हजार दे रहे थे, आज 1250 रुपए दे रहे है और रक्षाबंधन पर 250 रुपए अतिरिक्त देंगे और दीपावली से 1500 रुपए देंगे लगेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने  कहा कि साल 2026, साल 2027 में फिर बढ़ाएंगे और 2028 तक हर हालत में 3000 रुपए करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच साल में पूरा करने का संकल्प पत्र होता है और इसको पूरा करेंगे।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस समझ लें कि भाजपा सरकार जनता के प्रति जवादेह है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने जिस भाषा में बात की उस पर उन्हें शर्म आनी चाहिए। कांग्रेस ने कभी बहनों की चिंता नहीं की। अगर राजनीति करनी है तो मर्यादा में करनी चाहिए।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी