मध्यप्रदेश भाजपा को आज मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, हेमंत खंडेलवाल का नाम सबसे आगे

विकास सिंह

मंगलवार, 1 जुलाई 2025 (13:25 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा को नया अध्यक्ष आज मिल जाएगा।  पूर्व सांसद और भाजपा विधायक हेमंत खंडेलवाल का नाम अध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे आगे है। कुशल संगठनकर्ता और संघ के करीबी होने के साथ विवादों से दूर हेमंत खंडेलवाल के नाम पर लगभग सहमति बन चुकी है और पार्टी से जुड़े सूत्र बताते है कि  आज उनकी ओर से ही एकमात्र नामांकन किया जाएगा। एक बार सांसद और दो बार के विधायक हेमंत खंडेलवाल को उनके पिता के निधन के बाद उपचुनाव में सांसद बनने का मौका मिला था।  हेमंत खंडेलवाल वर्तमान में बैतूल विधानसभा सीट से पार्टी के विधायक है। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में नामांकन पत्र शाम 4.30 बजे से 6.30 बजे तक जमा किए जाएंगे। इसके बाद शाम 6.30 से 7.30 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद शाम 7.30 से 8.30 बजे तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। एक जुलाई को रात 8.30 बजे नामांकन पत्रों की अंतिम सूची की घोषणा की जाएगी। भाजपा से जुड़े सूत्र बताते है कि भाजपा अध्यक्ष का निर्विरोध निर्वाचन तय है और आज शाम ही इसकी घोषणा की जाएगी।

जातीय समीकरण को साधेगा नए अध्यक्ष का नाम?-भाजपा की शीर्ष नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष के जरिए प्रदेश में जातीय समीकरण को साध सकता है। मध्यप्रदेश में ओबीसी वर्ग से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और ब्राह्म्ण वर्ग से डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल और एससी वर्ग से डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा होने के चलते इस बात की संभावना अधिक है कि सामान्य वर्ग के नेता को ही प्रदेश संगठन की बागडोर सौंपे है।

अगर पार्टी आदिवासी वर्ग से आने वाले किसी नेता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो खरगोन सांसद गजेंद्र पटेल का नाम सबसे फिट बैठता है। पिछले दिनों पचमढ़ी में हुए भाजपा के सांसद और विधायको प्रशिक्षण वर्ग में गजेंद्र पटेल खासे सक्रिय नजर आए है। पार्टी आदिवासी चेहरे के तौर पर गजेंद्र पटेल को आगे कर उन्हें प्रदेश में संगठन की कमान सौंप सकती है। गजेंद्र पटेल की आदिवासी क्षेत्रों में काफी सक्रियता और केंद्रीय नेतृत्व की गुडबुक में शामिल होने के चलते उन्हें मौका मिल सकता है।

महिला चेहरे को मौका दे सकती है भाजपा?- मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष को लेकर भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व किसी महिला चेहरे पर दांव लगाकर एक बार फिर चौंका सकती है। अगर महिला चेहरे की बात करें तो प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार, अर्चना चिटनिस, लता वानखेड़े का नाम भी चर्चा मे है। हलांकि कविता पाटीदार के ओबीसी वर्ग से आने के चलते उनकी दावेदारी कमजोर मानी जा रही है। वहीं दूसरी ओर अर्चना चिटनिस को उनके लंबे राजनीतिक अनुभव का लाभ मिल सकता है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी