महाकाल लोक से मध्यप्रदेश में शुरु होगी जिओ की 5G सर्विस, भोपाल और इंदौर में भी जल्द

विकास सिंह

गुरुवार, 10 नवंबर 2022 (15:31 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश के लोग अब जल्द ही 5G की सौगात मिलने जा रही है। रिलायंस जिओ बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में श्री महाकाल लोक से इस महीने प्रदेश में अपनी 5G टेलीकॉम सेवाओं की शुरुआत करेगी। आज मुंबई में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और रिलायंस जिओ के अधिकारियों के साथ चर्चा में इस पर मोहर लगी। उज्जैन के श्री महाकाल लोक से रिलायंस जिओ 5G टेलीकॉम सेवाओं की शुरुआत नवंबर माह में करेगी। इसके बाद रिलायंस प्रदेश के इंदौर और भोपाल में 5जी सेवाओं की शुरुआत होगी। श्री महाकाल लोक के साथ ही जिओ खजुराहो, भेड़ाघाट जैसे पर्यटन स्थलों में 5जी सर्विस के फ्री वाइ फाई जोन स्थापित करेगी।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में रिलायंस जिओ टेली कॉम्युनिकेशन क्षेत्र में सेवाएं दे रहा है तथा ग्रुप का प्रदेश में टेली कॉम्युनिकेशन क्षेत्र में 50 फीसदी से अधिक मार्केट शेयर है। इसके साथ रिलायंस प्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में 1500 मेगावॉट की क्षमता के सोलर पावर पार्क संचालित कर रही है। जिसमें आगर 550 मेगावॉट, नीमच में 500 मेगावॉट और शाजापुर में 450 मेगावॉट के सोलर पार्क है।

प्रदेश के इंदौर में जनवरी में होने वाली इन्वेस्टर समिट में निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज मुंबई के दौरे पर है। मुख्यमंत्री ने मुंबई में निवेशकों से वन टू वन चर्चा कर निवेशकों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने इन्वेस्टर समिट के लिए निवेशकों को इंदौर आमंत्रित करते हुए कहा कि 8-10 जनवरी को देश भर के एनआरआई इंदौर आ रहे हैं। मध्य प्रदेश सबसे साफ सुथरा प्रदेश भी है। इंदौर ने स्वच्छता में छक्का भी मारा है। लेकिन स्वच्छतम प्रदेश भी आज हिंदुस्तान का मध्यप्रदेश है आज ओवर आल स्वच्छता में हम नंबर एक है। गांव में भी केवल शहरों में ही नहीं आपको साफ सुंदर परिवेश मिलेगा। अलग-अलग सेक्टर के लिए, अलग-अलग इंडस्ट्रियल एरिया हमारे पास है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश शांति का टापू है। एक जमाना था कि मुंबई में फिल्में बनती थी डाकू पान सिंह, डाकू मलखान सिंह, डाकू फूलन देवी। मध्यप्रदेश में जब हम मुख्यमंत्री बने तो हमने कह दिया कि मध्यप्रदेश की धरती पर या तो शिवराज रहेंगे या डाकू रहेंगे, दोनों एक साथ नहीं रह सकते। चंबल के बीहड़ जंगलों में कभी डाकू हुआ करते थे आज वहां अटल एक्सप्रेसवे बना रहे हैं। श्योपुर, भिंड, मुरैना बीहड़ों के बीच सड़क जा रही हैं और आसपास हमारे पास जमीन मौजूद है।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी