भाजपा में शामिल होते ही प्रद्युम्न सिंह लोधी को मिला कैबिनेट मंत्री का दर्जा, कहा पद नहीं सेवा महत्वपूर्ण

विकास सिंह

रविवार, 12 जुलाई 2020 (19:41 IST)
भोपाल। कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने कांग्रेस विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी को सरकार ने कैबिनेट मंत्री के दर्जे से नवाज दिया है। शिवराज सरकार ने प्रद्युम्न सिंह लोधी को नागरिक आपूर्ति निगम का अध्यक्ष बनाया है। छतरपुर के बड़ामलहार सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए प्रद्युम्न सिंह लोधी रविवार दोपहर भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा में शामिल होने के साथ ही उन्होंने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद अब प्रदेश में 25 विधानसभा सीट खाली हो गई है जिन पर उपचुनाव होना है। 
 
पद नहीं सेवा महत्वपूर्ण - भाजपा की सदस्यता लेने के बाद प्रद्युम्न सिंह लोधी ने कहा कि उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा इसलिए दिया है क्योंकि क्योंकि मेरे लिए पद नहीं सेवा महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूरे प्रदेश में विकास की गंगा बहाई और विकास का पर्याय बन चुके हैं। मैं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ऋणी हॅू जिन्होने मेरे विधानसभा क्षेत्र के लिए 450 करोड़ की यह सिंचाई परियोजना स्वीकृत की, जिसमें 1700 हेक्टेयर में सिंचाई होगी।

मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के आशीर्वाद और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के कारण आज यह सब संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही समूचे बुंदेलखंड क्षेत्र का विकास कर सकती है। कोरोना संकट के कारण दूसरे प्रदेशों से क्षेत्र में पलायन हुआ,  इसलिए क्षेत्र को रोजगार और कृषि क्षेत्र को सिंचाई की आवश्यकता थी। परंतु विषम परिस्थितियों में जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी से निवेदन किया कि अगर यह महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजना स्वीकृत हो जाएगी तो विधानसभा क्षेत्र का विकास व उत्थान हो जाएगा। गरीबों और किसानों के लिए मुख्यमंत्री जी के दिल में दर्द था, उन्होंने डीपीआर देखकर तत्काल स्वीकृति प्रदान कर दी। उन्होंने कहा कि सत्ता और संगठन के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए मैंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।
 
 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी