बेरोजगारी और महंगाई पर भोपाल में युवा कांग्रेस का जंगी प्रदर्शन,वॉटर कैनन के साथ पुलिस ने बरसाई लाठियां

विकास सिंह

बुधवार, 11 अगस्त 2021 (15:34 IST)
भोपाल। बेरोजगाई और बढ़ती महंगाई के मुद्दे को लेकर बुधवार को युवा कांग्रेस ने राजधानी में जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्ही वी श्रीनिवास और प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास का घेराव के लिए जैसे ही प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से आगे बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोका लिया। 
 
पुलिस के रोके जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय श्रीनिवास, प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया और कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा और जयवर्धन सिंह पुलिस के लगाए गए बेरिकेड्स पर चढ़ गए। आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को  भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया और डीआईजी इरशाद वली ने समझाइश दी इस पर भी जब कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं माने तो पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई।
 
वाटर कैनन के प्रयोग के बाद पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए हल्के बल का प्रयोग किया और आगे बढ़े रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हाथापाई की नौबत भी आ गई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के कपड़े भी फट गए। जयवर्धन सिंह ने पुलिस के बल प्रयोग की निंदा करते हुए कहा कि शिवराज सरकार ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए युवाओं को लहुलुहान किया है। इन युवाओं के खून की एक-एक बूँद मध्य प्रदेश की जनता को समर्पित है।
 
 
इससे पहले प्रदेश कांग्रेस दफ्तर के बाहर हुआ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ  कमलनाथ ने केंद्र की मोदी और प्रदेश की शिवराज सरकार पर जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री निवास के घेराव के युवा कांग्रेस के कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के समेत कई युवा विधायक भी शामिल हुए। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी