दिग्विजय सिंह लड़ेंगे लोकसभा चुनाव, सिंधिया के खिलाफ अरुण यादव

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 21 मार्च 2024 (18:15 IST)
Digvijay Singh will contest Lok Sabha elections from Rajgarh: आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने मध्य प्रदेश की सीटों के लिए 12 से 15 उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगा दी है। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा बाकी है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को राजगढ़ से चुनाव लड़ाया जा सकता है, जबकि ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ मप्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव को उतारा जा सकता है। 
 
सूत्रों के हवाले से आ रही खबर के मुताबिक झाबुआ सीट से पूर्व केन्द्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया का टिकट पक्का हो गया है। हालांकि इस सीट से भूरिया के बेटा विक्रांत भी दावेदार थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी चुनाव नहीं लड़ेंगे। इससे पहले माना जा रहा था कि उन्हें इंदौर लोकसभा सीट से मैदान में उतारा जा सकता है। 
ALSO READ: अहमदाबाद पूर्व लोकसभा सीट पर कांग्रेस को बड़ा झटका, रोहन गुप्ता ने क्यों किया चुनाव लड़ने से इनकार
दिग्विजय सिंह राजगढ़ से :  राज्य के पूर्व मुख्‍यमंत्री दिग्विजय सिंह को राजगढ़ संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ाया जा सकता है। राजगढ़ दिग्विजय सिंह का गृह क्षेत्र है। पिछले चुनाव में दिग्विजय भोपाल सीट पर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ बड़े अंतर से चुनाव हार गए थे।

राजगढ़ के अंतर्गत ही राघोगढ़ आता है जहां के राज परिवार से दिग्विजय सिंह संबंध रखते हैं। उन्हें स्थानीय लोग ‘राजा साहब’ के नाम से संबोधित करते हैं। भाजपा के रोडमल नागर वर्तमान में राजगढ़ से सांसद हैं।
 
कांग्रेस के 82 उम्मीदवार घोषित : कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए अब तक 82 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। उसने पहली सूची में 39 और दूसरी सूची में 43 उम्मीदवार घोषित किए थे। पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची में राहुल गांधी का नाम भी शामिल था जो केरल की वायनाड लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वह वर्तमान में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भी करते हैं।
 
कांग्रेस की पहली सूची में 15 उम्मीदवार सामान्य वर्ग और 24 अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों के थे। पार्टी की दूसरी सूची में 10 उम्मीदवार सामान्य वर्ग से जबकि 33 प्रत्याशी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों से थे।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी