बंगाल उपचुनाव : भवानीपुर में ममता को भारी बढ़त, TMC कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

रविवार, 3 अक्टूबर 2021 (14:13 IST)
कोलकाता/बरहामपुर। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर उपचुनाव में रविवार को भारी बढ़त बना ली है। 16वें चरण की मतगणना के बाद 42,292 मतों से आगे चल रही हैं। मुर्शिदाबाद की समसेरगंज और जांगीपुर सीटों पर भी ममता की तृणमूल कांग्रेस आगे चल रही है।
 
बनर्जी के भारी बढ़त हासिल करने की खबरें मिलने के बाद टीएमसी समर्थक हरा ‘गुलाल’ लेकर जश्न मनाने के लिए सड़कों पर उतर आए। वहीं, भाजपा और माकपा के प्रदेश कार्यालयों में वीरानी छायी रही।
 
16 राउंड के बाद दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को 62,760 मत मिले हैं। उनकी करीबी प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी की प्रियंका टिबरेवाल को 20,468 मत मिले हैं। भवानीपुर में कुल 21 चरणों में मतगणना होगी। बनर्जी को मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के लिए यह चुनाव जीतना होगा।
 
समसेरगंज में टीएमसी उम्मीदवार अमीरुल इस्लाम पांचवें चरण की मतगणना के बाद 3,768 मतों से आगे चल रहे हैं। उन्हें 19,751 मत मिले हैं जबकि उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के जैदुर रहमान को 15,983 मत मिले हैं।
 
जांगीपुर में टीएमसी प्रत्याशी जाकिर हुसैन 15,643 मतों से आगे चल रहे हैं। हुसैन को अब तक 25,572 मत मिले और उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी भाजपा के सुजीत दास को 9,929 मत मिले हैं। इन सीटों पर मतदान 30 सितंबर को हुआ था।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी