दिल्ली में तैयार होगा बिहार भाजपा का नया प्लान, नीतीश को घेरने की तैयारी

मंगलवार, 16 अगस्त 2022 (10:35 IST)
नई दिल्ली। जनता दल यूनाइटेड के NDA से अलग होने और RJD के साथ मिलकर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनाने के बाद भाजपा का शीर्ष नेतृत्व मंगलवार को पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक कर आगे की रणनीति पर मंथन करेगा।
 
बैठक की अध्यक्षता भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा करेंगे। भाजपा के संगठन महासचिव बी एल संतोष भी इस बैठक में मौजूद रहेंगे। कहा जा रहा है कि इस बैठक में 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की भावी रणनीति पर चर्चा होगी। बैठक में सांगठनिक फेरबदल की भी चर्चा हो सकती है।
 
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बैठक में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, गिरिराज सिंह और नित्यानंद राय के अलावा वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद और सुशील मोदी के भी उपस्थित रहने की संभावना है।
 
इनके अलावा बिहार प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष संजय जायसवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणू देवी तथा पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन भी इस बैठक में मौजूद रह सकते हैं।
 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 9 अगस्त को राजग से नाता तोड़ने के बाद भाजपा की यह पहली बैठक होगी, जिसमें पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी मौजूद रहेगा।
 
नीतीश कुमार के नेतृत्व में गठित नई सरकार में राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। कुमार के दो सदस्यीय मंत्रिमंडल का विस्तार मंगलवार को होना है जिसमें महागठबंधन के विभिन्न घटकों से लगभग 30 सदस्यों को शामिल किया जाएगा।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी