Nisihikant Dubey on muslim reservation : भाजपा के सांसद निशिकांत दुबे ने कर्नाटक में मुस्लिम समुदाय को ठेकेदारी में चार प्रतिशत के आरक्षण की घोषणा का मुद्दा बुधवार को लोकसभा में उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पर्दे के पीछे से ओबीसी की श्रेणी में मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि इसे रोकने के लिए कानून बनाया जाए।
भाजपा सांसद दुबे ने शून्यकाल के दौरान यह विषय उठाया। संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि दुबे ने जो भावना व्यक्त की है, उस बारे में संबंधित मंत्रालय को अवगत करा दिया जाएगा।
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने भी कर्नाटक से संबंधित यह विषय उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य को धर्मनिरपेक्ष होना चाहिए, लेकिन कर्नाटक में ऐसा नहीं हुआ। सूर्या ने मुस्लिम आरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र को इसे रोकने के लिए कानून बनाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि कानून और संसदीय मामलों के मंत्री एचके पाटिल ने कर्नाटक विधानसभा में मुस्लिमों के लिए सरकारी ठेकों में चार फीसदी आरक्षण लागू करने वाला विधेयक पेश किया था। भाजपा ने कर्नाटक सरकार के कदम को असांविधानिक बताया था।