उमा भारती बोलीं, गांधी की हत्या से कांग्रेस ही लाभ में रही

शुक्रवार, 13 अक्टूबर 2017 (08:39 IST)
पालनपुर। भाजपा की फायर-ब्रांड नेत्री एवं केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि महात्मा गांधी की हत्या से केवल कांग्रेस को फायदा मिला जबकि नाथूराम गोडसे को हत्या के लिए भड़काया गया।
 
भाजपा की गुजरात गौरव यात्रा के तहत यहां पहुंची उमा भारती ने संवाददाताओं से यह भी कहा कि अब तक यह भी स्पष्ट नहीं है कि गांधी जी की हत्या के लिए गोडसे को किसने भड़काया था।
 
उन्होंने कहा कि गांधी की हत्या से देश को सबसे बड़ी क्षति हुई और देश ने अपना नेता और पथ-प्रदर्शक खो दिया। उन्होंने कहा कि आरएसएस और जनसंघ को दूसरा बड़ा नुकसान हुआ है। हम प्रतिबंध और आरोपों से जूझते रहे हैं। अदालत की ओर से क्लीनचिट दिए जाने के बाद भी कांग्रेस ने आरोप लगाना बंद नहीं किया है।
 
उन्होंने कहा कि केवल कांग्रेस ही थी जिसे गांधीजी की हत्या से फायदा पहुंचा, क्योंकि गांधीजी कांग्रेस से पूरी तरह से भ्रम-मुक्त हो चुके थे और कांग्रेस को खत्म करने के बारे में सार्वजनिक तौर पर कहा भी करते थे तथा यह किसी भी समय हो सकता था।
 
उन्होंने कहा कि अगर गांधीजी कुछ दिन और जीवित होते तो वह कांग्रेस को खत्म कर देश में एक नया राजनीतिक वातावरण की स्थिति निर्मित कर सकते थे इसलिए यह विचारणीय मुद्दा है कि गोडसे को गांधी जी की हत्या के लिए किसने भड़काया था?
 
भाजपा नेत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार देश में गांधी जी के सिद्धांतो को पुर्नस्थापित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा 160 से भी अधिक सीटें जीतेगी। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें