दिल्ली की हवा 'बेहद खराब', यमुना से झाग हटाने के लिए केमिकल का छिड़काव

Webdunia
शुक्रवार, 28 अक्टूबर 2022 (11:52 IST)
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। प्रदूषण से बेहाल दिल्ली में छठ पूजा से पहले यमुना से झाग हटाने के लिए केमिकल का छिटकाव किया जा रहा है। हालांकि भाजपा केमिकल के छिटकाव से नाराज है तो आप विधायक और दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दावा किया है कि यह केमिकल जहर नहीं होता है।

ALSO READ: छठ पूजा से पहले यमुना में खतरनाक रसायन के छिड़काव पर बवाल, आप का भाजपा को जवाब
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषक आबोहवा में बने हैं। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 90 प्रतिशत था।
 
 
दिल्ली के आनंद विहार केंद्र में शुक्रवार को सुबह नौ बजकर 20 मिनट पर एक्यूआई 443 रहा, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। एक्यूआई वजीरपुर में 380, पटपड़गंज में 363, विवेक विहार में 397, पंजाबी बाग में 370 और जहांगीरपुरी में 397 दर्ज किया गया।
 
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ तथा 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ माना जाता है।
 
आईएमडी के अनुसार आज दिन में आमतौर पर आसमान के साफ रहने और अधिकतम तापमान के 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
Edited by : Nrapendra Gupta 
चित्र सौजन्य : फाइल फोटो

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख