भूख हड़ताल कर रहीं आतिशी की तबीयत बिगड़ी, देर रात अस्पताल में भर्ती

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

मंगलवार, 25 जून 2024 (07:36 IST)
atishi health : दिल्ली की जल मंत्री आतिशी की तबीयत देर रात बिगड़ गई। उन्हें तुरंत लोक नायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल ले जाया गया। वे दिल्ली में जल संकट को लेकर 21 जून को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर है। AAP का आरोप है कि हरियाणा सरकार दिल्ली के हिस्से का पानी नहीं दे रही है।
 
आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह और अन्य पार्टी नेता-कार्यकर्ता आतिशी को लेकर देर रात एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे और उन्हें भर्ती कराया गया।
 
दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बताया कि रात से ही अतिशी का ब्लड शुगर लेवल गिर रहा था। जब हमने उनका ब्लड सैंपल दिया तो शुगर लेवल 46 निकला था। जब हमने पोर्टेबल मशीन से उनका शुगर लेवल चेक किया तो लेवल 36 निकला। डॉक्टर जांच कर रहे हैं और उसके बाद ही वे कोई सुझाव देंगे।
 
आप सांसद संजय सिंह ने भी कहा आतिशी का ब्लड शुगर लेवल 43 तक तक पहुंच गया है। उनकी तबीयत बिगड़ गई है। डॉक्टरों ने कहा कि अगर उन्हें अस्तपाल में भर्ती नहीं कराया गया तो हालत और बिगड़ सकती है। उन्होंने पिछले 5 दिनों से कुछ भी नहीं खाया है। उनका शुगर लेवल गिर गया है, कीटोन बढ़ रहा है और ब्लड प्रेशर कम हो रहा है। वह अपने लिए नहीं लड़ रही हैं, वह दिल्ली के लोगों के लिए, पानी के लिए लड़ रही हैं।
 
आतिशी का कहना है कि हरियाणा ने पिछले 3 हफ्तों में राष्ट्रीय राजधानी के लिए छोड़े जाने वाले यमुना के पानी में दिल्ली का हिस्सा 100 मिलियन गैलन प्रति दिन (एमजीडी) कम कर दिया है। उन्होंने कहा कि 100 एमजीडी कम पानी मिलने की वजह से दिल्ली में पानी की कमी हो गई है, जिससे यहां के 28 लाख लोग प्रभावित हैं।
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी