नागरकुरनूल (तेलंगाना)। तेलंगाना के नागरकुरनूल (Nagarkurnool) में बचाव दल एसएलबीसी (SLBC) की आंशिक रूप से ढही सुरंग में फंसे 8 श्रमिकों को निकालने में जुटे हैं और फंसे हुए लोगों तक पहुंचने के लिए सुरंग खोदने में इस्तेमाल होने वाली मशीन (TBM) से रास्ता बना रहे हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
फंसे हुए लोगों की पहचान मनोज कुमार (उत्तरप्रदेश), श्रीनिवास (उत्तर प्रदेश), सनी सिंह (जम्मू-कश्मीर), गुरप्रीत सिंह (पंजाब) और संदीप साहू, जेगता जेस, संतोष साहू और अनुज साहू के रूप में हुई है, जो सभी झारखंड के हैं। इनमें 8 में से 2 इंजीनियर, 2 ऑपरेटर और बाकी 4 झारखंड के मजदूर हैं।2 इंजीनियर और 4 मजदूर एसएलबीसी सुरंग परियोजना की ठेकेदार कंपनी जयप्रकाश एसोसिएट्स के लिए काम कर रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि राज्य के सिंचाई मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी, आबकारी मंत्री जुपल्ली कृष्ण राव, मुख्य सचिव शांति कुमारी यहां से दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।(भाषा)