पाकिस्तानी गोलीबारी में सैनिक घायल

शुक्रवार, 9 मार्च 2018 (19:45 IST)
श्रीनगर। पाकिस्तान सेना ने संघर्ष विराम का खुला उल्लंघन करते हुए उत्तर कश्मीर के बारामुला जिले के उड़ी सेक्टर में स्थित अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर शुक्रवार को भारी गोलीबारी की, जिसमें सेना का एक जवान घायल हो गया।


रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने बगैर किसी उकसावे के संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए अंधाधुंध गोलीबारी की तथा नियंत्रण रेखा पर स्थित अग्रिम चौकियों को निशाना बनाया।

उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने भी इसका करारा जवाब दिया। सूत्रों ने बताया कि गोलीबारी के दौरान परमवीरसिंह नामक एक जवान घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इस बीच उड़ी में संघर्ष विराम की ताजी घटनाओं के बाद सीमा के निकट के गांवों के लोगों में भय और दहशत का माहौल है।

उन्होंने सुरक्षित इलाकों में पलायन भी शुरु कर दिया है। संघर्ष विराम उल्लंघन के कारण गत माह घर-बार छोड़ सुरक्षित स्थानों पर गए सात हजार लोगों के दो मार्च को अपने घर वापस लौटने की भी सूचना है। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी