दूसरी ओर कुपवाड़ा जिले में बीती रात से ही एक भाजपा कार्यकर्ता के साथ तैनात निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) व उसका सहयोगी हथियारों के साथ लापता हैं। स्थानीय पुलिस उनका पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल दोनों का कुछ भी पता नहीं चल पाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि उनकी जांच चल रही है। दोनों पुलिसकर्मियों का पता लगाने के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 व 13 दिसंबर की मध्यरात्रि से ये दोनों पुलिसकर्मी लापता हैं। भाजपा कार्यकर्ता अब्दुल रशीद जरगर की सुरक्षा में तैनात पीएसओ साकिब तांत्रे व उसका सहयोगी आरिफ अहमद अचानक से लापता हो गए। जांच करने पर पाया गया कि दोनों के हथियार भी वहां से गायब हैं। इस बारे में तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
पीएसओ साकिब की तलाश करते हुए पुलिस की एक टीम रात को ही उसके घर पहुंची। वहां पहुंचने पर परिजनों ने बताया कि वह घर आया था परंतु कुछ ही समय बाद वह यहां से लौट गया। परिजन भी उसका पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं। वे दोनों अपने हथियारों के साथ गायब हैं। हथियारों के साथ लापता हुए ये पुलिसकर्मी किसी आतंकी संगठन में तो शामिल नहीं हो गए हैं, पुलिस इस लाइन पर भी जांच कर रही है।