Flood Threat in Delhi : हरियाणा में भारी बारिश के हथिनीकुंड से पानी छोड़े जाने की वजह से दिल्ली पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। दिल्ली एनसीआर में भी सोमवार से भारी बारिश हो रही है। दिल्ली में यमुना से सटे इलाकों में बाढ़ का अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं गुरुग्राम में लोगों को घर से ही काम करने की और स्कूलों को ऑनलाइन पढ़ाई के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश से सोमवार को जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई इलाकों में पानी भरने से सड़क यातायात पर बुरा असर पड़ा। गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम में भी लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
हथिनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के बाद यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बैराज से सोमवार सुबह 5 बजे से हर घंटे औसतन 3.29 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे दिल्ली के नदी से सटे इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मंगलवार शाम पांच बजे से पुराने रेलवे पुल पर यातायात बंद करने का आदेश दिया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में यमुना का जलस्तर 207 मीटर या उससे भी ऊपर जाने की आशंका जताई है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली में जितना पानी पहुंचेगा, उसी अनुपात में पानी आगे छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा है कि यमुना बाढ़ क्षेत्र में निश्चित रूप से पानी बढ़ेगा, लेकिन शहर बाढ़ से पूरी तरह सुरक्षित रहेगा।
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार और सभी विभाग पूरी तरह सतर्क हैं। स्थिति पर 24 घंटे लगातार निगरानी रखी जा रही है। पिछले छह महीनों में यमुना और नालों की डी-सिल्टिंग का जो व्यापक कार्य किया गया, उसका स्पष्ट लाभ अब सामने आ रहा है। सभी गेट खुले हैं और कहीं भी पानी रुक नहीं रहा। जिस तेज़ी से पानी आ रहा है, उसी तेज़ी से आगे भी निर्बाध बह रहा है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम : मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में मध्यम बारिश की चेतावनी दी है। हालांकि, 3 सिंतबर को राजधानी में जोरदार बारिश देखने को मिल सकती है। 4 और 5 सितंबर को भी यहां बारिश का दौर जारी रहेगा।