अप्रैल में टूटा 122 साल का रिकॉर्ड, बांदा में लगातार दूसरे दिन पारा 47 डिग्री के पार, मई में भी नहीं मिलेगी राहत

रविवार, 1 मई 2022 (08:37 IST)
नई दिल्ली। उत्तर भारत में गर्मी का कहर शनिवार को भी जारी रहा। यूपी के बांदा में लगातार दूसरे दिन पारा 47 डिग्री के पार पहुंचा। देश में 122 साल में पहली बार अप्रैल में इतनी गर्मी दर्ज कई गई। उत्तर पश्चिम के 9 राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अप्रैल का औसत तापमान 35.900 दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.35 डिग्री अधिक था।
 
मई में भी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत : मौसम विभाग ने शनिवार को कहा कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में 1990 के बाद से अप्रैल महीने में इस साल सर्वाधिक औसत अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। साथ ही, क्षेत्र में मई में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। इस साल अप्रैल पिछले 122 वर्षों में सबसे अधिक गर्म रहा, जहां औसत अधिकतम तापमान क्रमश: 35.9 डिग्री सेल्सियस और 37.78 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में तापमान 50 डिग्री के पार जा सकता है।
 
दिल्ली में औसत से पांच डिग्री अधिक रहा तापमान : राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को भी लू का प्रकोप जारी रहा और शहर में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि इस मौसम के औसत से पांच डिग्री अधिक रहा। रविवार को भी लू चल सकती है। सोमवार और बुधवार को दिल्ली में आंधी या गरज के साथ छीटें पड़ सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
 
यूपी के 5 जिलों में भीषण गर्मी : उत्तर प्रदेश के भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है और शनिवार को बांदा जिले में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज में अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री, झांसी में 45.2 डिग्री, कानपुर में 45.1 डिग्री और आगरा में 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
मौसम विभाग ने आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। उत्तर प्रदेश में छिटपुट स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना भी है। 
 
राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी : राजस्थान के ज्यादातर हिस्से भीषण गर्मी व लू की चपेट में हैं। यहां के धौलपुर में शनिवार को दिन में सबसे अधिक 46.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है और मौसम विभाग ने इसमें और वृद्धि की चेतावनी जारी की है।
 
मौसम केंद्र के अनुसार शनिवार को दिन में अधिकतम तापमान धौलपुर में 46.3 डिग्री, गंगानगर में 46.0 डिग्री, पिलानी में 45.7 डिग्री, संगरिया व फलौदी में 45.6 डिग्री, चुरू में 45.5 डिग्री, बीकानेर में 45.2 डिग्री व बाड़मेर में 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी