Maharashtra Politics : राज्यसभा के सदस्य कपिल सिब्बल ने महाराष्ट्र में राजनीतिक घटनाक्रम को तमाशा बताते हुए गुरुवार को कहा कि ऐसा लगता है कि कानून ऐसा करने की इजाजत दे रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक घटनाक्रम सत्ता की रोटियां सेंकने को लेकर है.. लोगों की भलाई के लिए नहीं।
सिब्बल ने ट्वीट किया, 'महाराष्ट्र की राजनीति... यह लोकतंत्र नहीं है। यह तमाशा है और ऐसा लगता है कि कानून ऐसा करने की इजाजत दे रहा है। यह सत्ता की रोटियां सेंकने के बारे में है... लोगों के बारे में नहीं।'
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा था कि वह मुख्यमंत्री बनने की आकांक्षा रखते हैं और उन्होंने चाचा शरद पवार (83) पर तंज कसते हुए सवाल किया कि वह सक्रिय राजनीति से कब सेवानिवृत्त होंगे। शक्ति प्रदर्शन करने के लिए मुंबई में राकांपा के दोनों गुटों ने अलग-अलग बैठकें भी कीं।
दावा किया जा रहा है कि अजित पवार (63) गुट द्वारा बुलाई गई बैठक में राकांपा के 53 में से 32 विधायक शामिल हुए, जबकि राकांपा प्रमुख शरद पवार द्वारा संबोधित की गई बैठक में 18 विधायक उपस्थित थे।