केजरीवाल की अपील, जलमग्न इलाकों में न लें सेल्फी

शनिवार, 15 जुलाई 2023 (14:51 IST)
Delhi Flood : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि बाढ़ का खतरा अभी समाप्त नहीं हुआ है और लोगों को जलमग्न इलाकों में न तो तैरने का प्रयास करना चाहिए तथा न ही सेल्फी लेनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि दिल्ली के मुकुंदपुर चौक इलाके में बाढ़ के पानी में डूबने से 3 बच्चों की मौत हो गई थी।
 
केजरीवाल ने ट्वीट किया, 'कई जगहों से ऐसी खबरें हैं कि कुछ लोग जलमग्न इलाकों में खेलने जा रहे हैं, सेल्फी ले रहे हैं या वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हैं। कृपया ऐसा न करें, यह जानलेवा हो सकता है। बाढ़ का खतरा अभी समाप्त नहीं हुआ है। पानी का बहाव काफी तेज है, और जलस्तर किसी भी वक्त बढ़ सकता है।’’
 
उन्होंने दिल्ली के शांतिवन इलाके में बाढ़ के पानी में खेल रहे बच्चों का वीडियो ट्वीट करते हुए कहा कि मैं सबसे अपील करता हूं कि ऐसा न करें। यह जानलेवा हो सकता है।
 
उल्लेखनीय है कि ITO रोड, लाल किला, राजघाट समेत दिल्ली के कई इलाकों में यमुना का पानी घुस गया, जिसके बाद निचले इलाकों में रहने वाले हजारों लोगों को उन स्थानों से पलायन करना पड़ा।
 
हालांकि यमुना नदी में शनिवार सुबह जलस्तर घटना शुरू हुआ, लेकिन यह कुछ सेंटीमीटर प्रति घंटे की गति से ही कम हो रहा है। शनिवार सुबह सात बजे यह घटकर 207.62 मीटर पर आ गया। यमुना अब भी खतरे के निशान 205.33 मीटर से 2 मीटर ऊपर बह रही है।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी