Weather Update: दिल्‍ली-NCR में पड़ेगी तेज गर्मी, 12 राज्‍यों में बारिश का अलर्ट

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 22 मार्च 2025 (08:58 IST)
Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार देश की राजधानी दिल्‍ली सहित पूरा उत्‍तर भारत (North India) धीरे-धीरे भीषण गर्मी के लपेटे में आता जा रहा है। पंजाब सहित उत्तर भारत के हरियाणा, यूपी और उत्‍तराखंड तथा हिमाचल के मैदानी इलाकों में तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। आईएमडी के अनुसार 12 राज्यों में वर्षा (Rain) की संभावना है।
 
उधर आईएमडी (IMD) के अनुसार बिहार में आज बारिश और ओलावृष्टि के आसार नजर आ रहे हैं। कुछ ऐसी ही स्थिति तेलंगाना और आंध्रप्रदेश में भी रहने की आशंका है। पहाड़ों पर हल्‍की बर्फबारी के कारण वहां मौसम सुहाना बना हुआ है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आगे आने वाले दिन लोगों के लिए ज्‍यादा अच्‍छी नहीं रहने वाले।ALSO READ: ओडिशा में भीषण गर्मी, बोलांगीर सबसे गर्म, बदलेगा स्कूल का समय
 
बिहार में आंधी और तूफान के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। राज्‍य में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। आईएमडी ने कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। ऐसा इसलिए क्‍योंकि पूर्वी बिहार के कुछ जिलों में बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि का भी अनुमान है। झारखंड में भी कुछ-कुछ ऐसी ही स्थिति है। शुक्रवार को यहां ओलावृष्टि ने किसानों को खूब परेशान किया। ओले गिरने के कारण फसलों को भी नुकसान पहुंचा।
 
ठंड बिदा अब पड़ेगी जमकर गर्मी : आईएमडी के अनुसार अब मीठी ठंड वाले दिन लगभग लद गए हैं। सुबह और शाम के तापमान में तेजी से इजाफा होगा जिसके चलते जल्‍द ही उत्‍तर भारत सहित मध्‍य और पश्चिमी भारत में कूलर-एसी चलने की नौबत भी आ सकती है। इसे गर्मियों की शुरुआत माना जा सकता है। अगले 5 महीने तक पूरे देश में गर्मी का मौसम रहेगा। मई आते-आते प्रचंड गर्मी और हीट-वेव भी देखने को मिल सकती हैं। लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की उम्‍मीद कम है।
 
तेलंगाना में 24 मार्च तक आंधी और ओलावृष्टि का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान : हैदराबाद से मिले समाचारों के अनुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने तेलंगाना के कई जिलों के लिए शुक्रवार को 'ऑरेंज' और 'येलो' अलर्ट जारी किए जिसके तहत वहां 24 मार्च की सुबह तक आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई।ALSO READ: Weather Update: दिल्ली NCR में गर्मी के तेवर हुए तेज, UP बिहार समेत अनेक राज्यों में वर्षा की संभावना
 
आईएमडी ने शुक्रवार शाम 5.30 बजे से 24 मार्च सुबह 8.30 बजे के बीच तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटें पड़ने का भी पूर्वानुमान जताया। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की एक विज्ञप्ति के मुताबिक मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी तरह की जान-माल की हानि को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
 
एमपी के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना : पश्चिमी विक्षोभ मध्यम क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक ट्रफ सक्रिय है जिसकी स्थिति समुद्र तल से 5.8 किमी ऊंचाई पर लगभग 74° पूर्व देशांतर और 32° उत्तर अक्षांश के उत्तर में है। मध्यप्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बना हुआ है।
 
एक ट्रफ या विंड डिसकंटिन्यूटी (हवा में अस्थिरता) छत्तीसगढ़ से उत्तर आंतरिक कर्नाटक तक महाराष्ट्र के रास्ते फैली हुई है। पूर्वोत्तर असम के ऊपर भी एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। 22 मार्च की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के करीब पहुंच सकता है।ALSO READ: Weather Update: उत्तर भारत में होली से पहले गर्मी की दस्तक, 40 के पार पहुंचा पारा
 
पिछले 22 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश हुई : पिछले 22 घंटे के दौरान झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई। गंगा तटीय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, पूर्वी मध्यप्रदेश और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक दर्ज की गई। बिहार, झारखंड, दक्षिण-पूर्व उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्यप्रदेश, तेलंगाना और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई।
 
उत्तराखंड, राजस्थान, गुजरात, लक्षद्वीप और तटीय कर्नाटक में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान झारखंड, उत्तर ओडिशा और गंगा तटीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
 
आज शनिवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज शनिवार, 22 मार्च को पश्चिम बंगाल, झारखंड और दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है। सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी संभव है।
 
पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में बिखरी हुई हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक हो सकती है। दक्षिण-पूर्व उत्तरप्रदेश, पूर्वी मध्यप्रदेश, पूर्वी विदर्भ, तेलंगाना और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।(Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी