Weather Update: प्री मानसून से अनेक राज्यों में हुई वर्षा, इंदौर में पौने 3 इंच पानी गिरा, IMD का अलर्ट
देश के अन्य राज्यों का मौसम
उत्तरप्रदेश में भी मौसम बदल गया है। राजधानी लखनऊ, सीतापुर समेत कई जिलों में बीती रात से ही तेज हवा चलने का सिलसिला जारी हो गया है। रविवार को अधिकतर जिलों में मौसम सुहाना बना रहा है। इसी क्रम में आज पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर और पूर्वी यूपी में अनेक स्थान पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मध्यप्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव : मध्यप्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। रविवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में जमकर बारिश हुई। राजधानी भोपाल में तो ऐसा लगा जैसे कि मानसून के दिन ही आ गए हों। आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। रविवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, देवास, विदिशा, खंडवा सहित कई जिलों में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। सुबह 8.30 से शाम 5.30 बजे के बीच इंदौर में 70 मिमी यानी पौने 3 इंच पानी गिर गया, वहीं राजधानी भोपाल में देर शाम को मौसम ने करवट ली और बारिश के साथ ओले भी गिरे है जबकि उज्जैन में करीब आधा इंच पानी गिरा है। मौसम विशेषज्ञों ने अनुमान जताया है कि अगले 4 दिन तक मौसम इस तरह ही बना रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। भोपाल जिले में धूलभरी हवा चलने की संभावना है।(Photo courtesy: IMD)