Weather Updates: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देशभर में गर्मी और हीटवेव (heatwave) की चेतावनी जारी की है। इसके अनुसार कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक (light rain and thunderstorms) की संभावना है। दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, पंजाब और हरियाणा में भीषण गर्मी जारी रहेगी जबकि बिहार और हिमाचल प्रदेश में मामूली बदलाव दिख सकता है।
उत्तरप्रदेश में गर्मी का दौर जारी : उत्तरप्रदेश में गर्मी का दौर जारी है। आईएमडी के अनुसार पश्चिमी उत्तरप्रदेश में अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। हालांकि राज्य के पूर्वी हिस्सों में आज मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा। बिहार से सटे क्षेत्रों में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।
बिहार में होगी गरज-चमक के साथ : बिहार के लिए मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी की है। राज्य के पूर्वी हिस्सों जैसे अररिया, किशनगंज, सुपौल, पूर्णिया, दरभंगा और मधुबनी में आज गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। तापमान में मामूली गिरावट के साथ अधिकतम पारा 34-36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। लोगों को तेज हवाओं से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
चक्रवाती परिसंचरण छत्तीसगढ़ और उससे सटे क्षेत्रों पर: एक चक्रवाती परिसंचरण छत्तीसगढ़ और उससे सटे क्षेत्रों पर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा पूर्वोत्तर बिहार से विदर्भ तक छत्तीसगढ़ के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के जरिए फैली हुई है। दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे क्षेत्रों में एक और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। एक उत्तर-दक्षिण ट्रफ रेखा उत्तर महाराष्ट्र से लेकर उत्तर तमिलनाडु तक फैली हुई है, जो आंतरिक कर्नाटक से होकर गुजर रही है। पहला पश्चिमी विक्षोभ 8 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।
आज सोमवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज सोमवार, 7 अप्रैल को केरल, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 8 अप्रैल को असम, मेघालय और बिहार के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश के भी आसार हैं। उत्तर-पश्चिम भारत, मध्यभारत और पूर्वी भारत के कई भागों में तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है।(Photo courtesy: IMD)