राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई गणमान्य लोगों ने दी योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की बधाई

सोमवार, 6 जून 2022 (18:37 IST)
लखनऊ। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई गणमान्य लोगों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरखपुर की प्रसिद्ध गोरक्षपीठ के महंत योगी आदित्यनाथ की 50वीं वर्षगांठ पर रविवार को उन्हें बधाई दी।

उत्तर प्रदेश के दौरे पर आए राष्ट्रपति ने रविवार सुबह योगी को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति भवन ने एक ट्वीट में कहा, अपने गोरखपुर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति ने आज मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ को उनके जन्मदिन पर बधाई व शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, उत्तर प्रदेश के ऊर्जावान मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ को जन्मदिन की बधाई। उनके कुशल नेतृत्व में राज्य ने प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्‍होंने राज्‍य के लोगों के लिए जनहितैषी शासन सुनिश्चित किया है। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, राज्य के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक तथा बहुजन समाज पार्टी की अध्‍यक्ष मायावती समेत कई प्रमुख लोगों ने योगी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी और उनके दीर्घायु होने की कामना की।

शाह ने अपने बधाई संदेश में कहा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आपने जिस प्रकार उत्तर प्रदेश को गुंडाराज व माफियाराज से मुक्त कर विकासोन्मुख शासन दिया है उससे प्रदेश प्रगति के नए कीर्तिमान बना रहा है।आप स्वस्थ रहें व दीर्घायु हों, ऐसी ईश्वर से कामना करता हूं।
Koo App
राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने उत्तर प्रदेश विधान मंडल के विशेष संयुक्त सत्र को सम्बोधित किया। उत्तर प्रदेश की विविधता राज्य को और समृद्ध बनाती है, उत्तर प्रदेश के विकास में कई दिवंगत लोगों का योगदान शामिल है। अपनी यात्रा के दौरान मुझे संत कबीर अकादमी जाने का मौका मिला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी को अपने गृहनगर की तरह अपनाया : राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द - Prasar Bharati News Services (@pbns_india) 6 June 2022

रक्षामंत्री ने ट्वीट किया, नए उत्तर प्रदेश के निर्माण में पूरी शक्ति और युक्ति से जुटे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिवस की अनंत शुभकामनाएं। प्रदेश की जनता के कल्याण और विकास के लिए वे समर्पित भाव से निरंतर परिश्रम कर रहे हैं। ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखे और दीर्घायु करे।

गौरतलब है कि पांच जून 1972 को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में यमकेश्वर तहसील के पंचुर गांव के एक गढ़वाली क्षत्रिय परिवार में योगी का जन्म हुआ था।(भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी