MCD चुनाव : दिल्ली में 14 रोड शो करेगी भाजपा, केजरीवाल बोले- जनता देगी करारा जवाब

रविवार, 20 नवंबर 2022 (11:58 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि भाजपा अपने राजा-महाराजाओं के साथ राष्ट्रीय राजधानी पर हमला करेगी और जनता उन्हें करारा जवाब देगी। केजरीवाल ने MCD के चुनाव से पहले भाजपा के शीर्ष नेताओं के रविवार को दिल्ली में विभिन्न रोड शो में हिस्सा लेने के मद्देनजर यह बात कही।
 
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कई केंद्रीय मंत्री एमसीडी चुनाव से पहले राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को आयोजित होने वाले 14 रोड शो में शिरकत करेंगे।
 
केजरीवाल ने ट्वीट किया, 'आज भाजपा दिल्ली पर हमला करने जा रही है। इनके कई राजा-महाराजा अपनी-अपनी सेनाएं लेकर चारों तरफ से दिल्ली पर हमला कर रहे हैं। लेकिन जैसे अभी तक दिल्ली के लोगों ने भाजपा और उसके उपराज्यपाल के हमलों का वीरता के साथ सामना किया है, वैसे ही आज भी दिल्ली की जनता इन्हें करारा जवाब देगी।'
 

आज बीजेपी दिल्ली पर हमला करने जा रही है। इनके कई राजा महाराजा अपनी अपनी सेनाएँ लेकर चारों तरफ़ से दिल्ली पर हमला कर रहे हैं। लेकिन जैसे अभी तक दिल्ली के लोगों ने बीजेपी और इनके LG के हमलों का वीरता के साथ सामना किया, वैसे ही आज भी दिल्ली की जनता इनको करारा जवाब देगी

— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) November 20, 2022
भाजपा की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है कि रोड शो में शामिल होने वाले नेताओं में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, असम के उनके समकक्ष हिमंत विश्व शर्मा, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हैं।
 
भाजपा की दिल्ली इकाई के महासचिव कुलजीत सिंह चहल ने 20 नवंबर के दिन को सुपर सनडे करार देते हुए कहा कि नड्डा राष्ट्रीय राजधानी के संगम विहार इलाके में चुनाव प्रचार करेंगे। उन्होंने बताया कि राजनाथ सिंह, गजेंद्र सिंह शेखावत, हरदीप सिंह पुरी, जितेंद्र सिंह और मीनाक्षी लेखी सहित कई अन्य केंद्रीय मंत्री भी विभिन्न क्षेत्रों में होने वाले रोड शो में हिस्सा लेंगे।
 
एमसीडी के 250 वार्ड में चुनाव के लिए मतदान 4 दिसंबर को होगा, जबकि मतों की गिनती 7 दिसंबर को की जाएगी।
Edited by : Nrapendra Gupta 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी