Weather update : मौसम विभाग ने उत्तर भारत के इन राज्यों में दी शीतलहर की चेतावनी

शनिवार, 19 दिसंबर 2020 (22:12 IST)
पुणे। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ स्थानों पर जबर्दस्त शीतलहर चलने का अनुमान है। उत्तरप्रदेश के कुछ स्थानों में शीतलहर तथा कुछ स्थानों में बहुत गंभीर शीतलहर चलने के आसार हैं। इसके अलावा राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर जबर्दस्त शीतलहर तथा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती हलाके में शीतलहर की स्थिति हो सकती है।
ALSO READ: Weather update : उत्तर भारत में शीतलहर का कहर जारी, दिल्‍ली में आज सबसे ठंडा ‍दिन
रात का तापमान कई जगह गिरा : रात का तापमान तटीय आंध्रप्रदेश के कई स्थानों पर, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और रायलसीमा के कुछ स्थानों पर, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराईकल से अलग स्थानों पर सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस से 5.0 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा।
 
केरल, माहे और लक्षद्वीप के अधिकांश स्थानों पर, तटीय कर्नाटक के कई स्थानों पर, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ स्थानों पर, कोंकण, गोवा, तेलंगाना, ओडिशा और आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस से 3.0 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा। राजस्थान तापमान सामान्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस नीचे : राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
 
देश के मैदानी इलाकों में चुरू (पश्चिम राजस्थान) में सबसे कम 0.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जबकि पूर्वी उत्तरप्रदेश और बिहार के अधिकांश स्थानों पर, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, पंजाब और पश्चिम उत्तरप्रदेश के कई स्थानों पर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और मध्यप्रदेश के कुछ स्थानों पर, सौराष्ट्र और कच्छ के अलग-अलग स्थानों पर तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस से 5.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
ALSO READ: Weather update : कश्‍मीर से हिमाचल तक शीतलहर का कहर, 4 डिग्री तक लुढ़क सकता है दिल्‍ली का पारा
झारखंड के अधिकांश स्थानों पर, उत्तराखंड के कई स्थानों पर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर, असम, मेघालय और गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस से 3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग स्थानों पर शुक्रवार को 08.30 बजे से शनिवार को 08.30 बजे के बीच आंधी तूफान का असर रहा।
ALSO READ: Weather : देश के इन राज्यों में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, शीतलहर का भी दिखेगा प्रकोप, जानिए क्यों?
पंजाब और पूर्वी उत्तरप्रदेश में घना कोहरा : पंजाब और पूर्वी उत्तरप्रदेश में अलग-अलग स्थानों में बहुत घना कोहरा तथा उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल के पर्वतीय इलाके, मेघालय और त्रिपुरा में अलग-थलग स्थानों में शनिवार की सुबह 5.30 बजे से 8.30 के बीच घना कोहरा छाया रहा। शनिवार सुबह 5.30 बजे से 8.30 बजे के बीच बहराइच, गोरखपुर और अमृतसर में 25 मीटर,  पंतनगर, बरेली, लखनऊ, सिलचर में 50 मीटर, कूचबिहार और कैलाशहर में 200 मीटर की दृश्यता दर्ज की गई। पूर्वी उत्तरप्रदेश में कुछ स्थानों पर और राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर शनिवार को शीतलहर से गंभीर शीतलहर की स्थिति रही। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कहीं-कहीं शीतलहर और कहीं कहीं गंभीर शीतलहर की स्थिति रही।
 
अगले 24 घंटा के दौरान दक्षिण तमिलनाडु में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने के आसार हैं। कोमोरिन क्षेत्र में 45-55 किमी प्रति घंटा के तेज गति से हवा चलने का अनुमान है जिसकी गति बढ़कर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मछुआरों को अगले 24 घंटों के दौरान इस समुद्री क्षेत्र में उद्यम नहीं करने की सलाह दी गई है।
 
पिछले 24 घंटे के दौरान लक्षद्वीप के अधिकांश स्थानों पर, अरुणाचल प्रदेश और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर तथा असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल के पर्वतीय इलाके, सिक्किम और केरल में अलग-अलग स्थान पर बारिश हुई या फिर गरज के साथ छींटें पड़े। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती इलाके, ओडिशा, झारखंड, बिहार, गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तेलंगाना, रायलसीमा और कर्नाटक मौसम शुष्क रहा।
 
मध्यप्रदेश में मौसम का हाल : मध्यप्रदेश के रीवा, शहडोल, सागर, जबलपुर, ग्वालियर और चंबल संभागों में पिछले 24 घंटे से शीतलहर चल रही है। इनमें से कई स्थानों पर रविवार सुबह तक सर्द मौसम बना रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी जीडी मिश्रा ने शनिवार को बताया कि ग्वालियर, चंबल और शहडोल के साथ ही रीवा, सतना, सागर और छतरपुर में कुछ स्थानों पर रविवार सुबह तक शीतलहर चलेगी।
 
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के 30 में से 9 मौसम केंद्रों में शनिवार सुबह 8.30 बजे तक समाप्त 24 घंटे की अवधि में 3 डिग्री सेल्सियस (उमरिया में) से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान दर्ज किया गया। कई केंद्रों पर न्यूनतम तापमान 3 से लेकर 10 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। भोपाल का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मिश्रा ने कहा कि ये स्थितियां एक सप्ताह तक बनी रहेंगी।
ALSO READ: दिल्ली के कई हिस्सों में छाया घना कोहरा, अगले 2 दिन 'शीत लहर' का अलर्ट
दिल्ली में अब तक सबसे न्यूनतम तापमान : राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा और न्यूनतम तापमान गिरकर 3.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो कि इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा कि सफदरजंग वेधशाला में तापमान सामान्य से 4 डिग्री नीचे 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

लोधी नगर में तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस : लोधी नगर मौसम केंद्र पर 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी की ओर से बताया गया कि बर्फ से ढंके पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण शहर में ठंड का प्रकोप बरकरार है। शहर में गुरुवार को 'बेहद' ठंडा दिन दर्ज किया था, क्योंकि अधिकतम तापमान गिरकर 15.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था, जो कि सामान्य से 7 डिग्री कम था और इस मौसम का सबसे कम तापमान था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 
 
'ठंडा दिन' तब होता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.4 डिग्री सेल्सियस कम होता। 'बेहद ठंडा दिन' तब होता है, जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 6.5 डिग्री सेल्सियस कम होता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 से 6 दिन तक न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। (वार्ता/भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी