सीमापार बैठे षड्यंत्रकारियों के मददगारों को न चुनें : मोदी

शुक्रवार, 24 फ़रवरी 2017 (15:08 IST)
गोंडा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को भाजपा की विरोधी पार्टियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में नेपाल सीमा से सटे गोंडा क्षेत्र में ऐसे लोगों को नहीं चुना जाना चाहिए, जो सरहद पार बैठे षड्यंत्रकारियों की मदद करें।
 
मोदी ने यहां एक चुनावी जनसभा में कहा कि यह हमारा गोंडा नेपाल से सटा है। अभी कानपुर में रेल हादसा हुआ, उसमें सैकड़ों लोग मारे गए। उसमें कुछ लोग पकड़े गए हैं। वो (हादसा) अचानक नहीं हुआ बल्कि पुलिस ने जो खोजकर निकाला, उसके मुताबिक एक षड्यंत्र के तहत हुआ।
 
उन्होंने विरोधी पार्टियों के प्रत्याशियों की तरफ इशारा करते हुए किसी का नाम लिए बगैर कहा कि वे षड्यंत्र करने वाले सीमापार बैठे हैं। अब तक सीमापार के जो हमारे दुश्मन हैं, वे अपना कारोबार वहां से चलाना चाहते हैं। गोंडा में ज्यादा सतर्कता की जरूरत है कि नहीं...? अगर यहां ऐसे लोग चुनकर आएंगे, जो ऐसे लोगों की मदद करेंगे तो क्या गोंडा सुरक्षित रहेगा? अगर गोंडा असुरक्षित रहा तो क्या हमारा देश सुरक्षित रहेगा?
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि गोंडा में तो देशभक्ति से भरे लोग हैं, उन्हीं को सत्ता में बिठाना चाहिए तभी हम यहां का भला कर सकेंगे इसलिए चुनाव में कोई गलती नहीं होनी चाहिए। सपा हो या बसपा, एक भी जीतना नहीं चाहिए। आपको भारी मतदान करके शत-प्रतिशत भाजपा को विजयी बनाना चाहिए। 
 
मोदी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के अब तक हुए 4 चरणों में भाजपा का दबदबा रहा है, यह तो मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का चेहरा देखकर ही पता चल जाता है। अखिलेश ने जिनको (कांग्रेस) गले लगाया है, देश के लोगों ने चाहे ओडिशा हो या महाराष्ट्र- उन्हें विदाई दे दी है।
 
उन्होंने कहा कि ये चुनाव उत्तरप्रदेश के लिए हैं, देश के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण हैं। गरीबों की भलाई के लिए सबसे ज्यादा यूपी में काम करने की जरूरत है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें