दिल्ली में आए 28000 से ज्यादा नए केस, कर्नाटक में 25000

गुरुवार, 13 जनवरी 2022 (20:33 IST)
नई दिल्ली/बेंगलुरु। राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ते मामलों के बीच गुरुवार को तीसरी लहर में कोरोनावायरस के सर्वाधिक मामले सामने आए हैं। दिल्ली में जहां 28000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं, वहीं कर्नाटक में 25000 से ज्यादा लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 
 
दिल्ली सरकार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटे में राज्य में 28,867 नए मामले सामने आए हैं, जबकि  22,121 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। इसी दौरान 31 लोगों की मौत भी हुई है। राजधानी में इस समय सक्रिय मामलों की संख्या 94 हजार से ज्यादा है। 
 
निरुद्ध क्षेत्र की संख्या में 17 गुना बढ़ोतरी : इस बीच, दिल्ली में कोरोना वायरस की बढ़ती संख्या के बीच निरुद्ध क्षेत्रों की संख्या में 17 गुना बढ़ोतरी हुई है। एक जनवरी को जहां निरुद्ध क्षेत्रों की संख्या 1243 थी वहीं 12 जनवरी को यह संख्या बढ़कर 20,878 हो गई है।
 
जिला अधिकारियों के अनुसार संक्रमण पर लगाम लगाने के लिए सूक्ष्म निरूद्ध क्षेत्रों पर जोर दिया जा रहा है। सामान्य तौर पर उस क्षेत्र को निरुद्ध क्षेत्र घोषित किया जाता है, जहां एक परिवार या आसपास में कोविड-19 के तीन या अधिक मामले सामने आते हैं। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति और संक्रमण की संख्या को देखते हुए यह महत्वपूर्ण पहल है।
 
सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हर जिलाधिकारी को इलाके में स्थिति का आकलन करना होता है। कई बार अगर घर में एक भी मामला आता है तो इलाके में संक्रमण की उच्च दर को देखते हुए जिलाधिकारी उसे निरुद्ध क्षेत्र घोषित करते हैं। अधिकारिक आंकड़ों के अनुसार मध्य जिला में 3400 से अधिक सक्रिय निरुद्ध क्षेत्र हैं, जबकि पश्चिम दिल्ली में 2680 और दक्षिण दिल्ली में 1481 सक्रिय निरुद्ध क्षेत्र हैं। पूर्वी और उत्तर-पूर्वी जिले में क्रमश: 139 और 278 निरुद्ध क्षेत्र हैं।
 
कर्नाटक में 25 हजार से ज्यादा : दूसरी ओर, दक्षिण राज्य कर्नाटक में 25 हजार 5 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 8 लोगों की संक्रमण के चलते मौत हुई है। राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1,15,733 हो गई है। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी