भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं एमएस धोनी...

मंगलवार, 23 अक्टूबर 2018 (16:00 IST)
नई दिल्ली। एक तरफ टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के 2019 का क्रिकेट विश्वकप खेलने की चर्चा है, वहीं एक खबर और सुर्खियां बटोर रही है। इस खबर के मुताबिक धोनी आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर झारखंड से चुनाव लड़ सकते हैं।
 
उल्लेखनीय है कि टीम इंडिया के सफलतम कप्तानों में से एक धोनी का क्रिकेट करियर अब ढलान पर है और फिलहाल वे सिर्फ वन-डे मैच ही खेल रहे हैं। इस बीच, मीडिया रिपोर्ट्‍स हैं कि भाजपा धोनी को झारखंड से 2019 के लोकसभा चुनाव में उतार सकती है। बताया जा रहा है कि फिलहाल बातचीत का दौर जारी है। धोनी ने अभी इस बारे में कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है।
 
दूसरी ओर एक और क्रिकेट गौतम गंभीर के भी भाजपा से चुनाव लड़ने की खबर है। बताया जा रहा है कि गंभीर को भाजपा दिल्ली की किसी सीट से चुनाव में उतार सकती है। बताया जाता है कि भाजपा इन दोनों ही खिलाड़ियों की लोकप्रियता को अपने पक्ष में भुनाना चाहती है। धोनी तो अपने प्रशंसकों के बीच पूरे देश में लोकप्रिय हैं।
 
हालांकि अभी लोकसभा चुनाव को लगभग छ: माह का समय शेष है। ऐसे में अभी से कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन ये दोनों खिलाड़ी यदि भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ते हैं तो निश्चित ही भगवा पार्टी को फायदा होगा।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी