12 जनवरी से शुरू होगी NEET-PG की काउंसलिंग

रविवार, 9 जनवरी 2022 (15:14 IST)
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को कहा कि नीट-पीजी काउंसलिंग 12 जनवरी से शुरू होगी।
 
सुप्रीम कोर्ट ने 7 जनवरी को अपने अंतरिम आदेश में 2021-22 के लिए नीट-पीजी दाखिले के लिए मेडिकल काउंसलिंग बहाल करने की अनुमति दे दी थी। न्यायालय ने अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के छात्रों को 27 प्रतिशत तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की वैधता पर भी मुहर लगाई थी।
 
मांडविया ने ट्वीट किया, 'रेजिडेंट डॉक्टरों को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा दिए आश्वासन के अनुसार, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद मेडिकल काउसलिंग समिति द्वारा नीट-पीजी काउन्सलिंग 12 जनवरी 2022 से शुरू की जा रही है।'
 
उन्होंने लिखा कि इससे कोरोना से लड़ाई में देश को और मज़बूती मिलेगी। सभी उम्मीदवारों को मेरी शुभकामनाएं। नीट-पीजी परीक्षा 11 सितंबर, 2021 को हुई थी। उससे पहले जनवरी और अप्रैल में दो बार परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया गया था।
 

रेसीडेंट डॉक्टरस को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा दिए आश्वासन अनुसार, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद MCC द्वारा NEET-PG काउन्सलिंग 12 जनवरी 2022 से शुरू की जा रही है।

इससे कोरोना से लड़ाई में देश को और मज़बूती मिलेगी। सभी उम्मीदवारों को मेरी शुभकामनाएं।

— Dr Mansukh Mandaviya (@mansukhmandviya) January 9, 2022
पूरे देश में विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के रेजिडेंट डॉक्टरों ने काउंसलिंग प्रक्रिया जल्द करने की मांग करते हुए पिछले महीने प्रदर्शन किया था और काम का बहिष्कार किया था।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी