मोदी के साथ रोड शो करेंगे शिंजो आबे, स्वागत के लिए गुजरात तैयार

बुधवार, 13 सितम्बर 2017 (07:50 IST)
अहमदाबाद। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे बुधवार को यहां दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। वह आज प्रधानमंत्री मोदी के साथ रोड शो करेंगे। इस दौरान उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। 
 
मेहमान की आवभगत के लिए सड़कें सीएफएल की रोशनी से जगमगा रही हैं और उनके स्वागत में होर्डिंग एवं बैनर लगाए गए हैं।
 
12वें भारत-जापान शिखर सम्मेलन के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं जहां जापानी कंपनियों के गुजरात में बड़े पैमाने पर निवेश का घोषणा करने की संभावनाएं हैं।
 
अधिकारियों ने बताया कि दौरा दोपहर में आठ किलोमीटर लंबे रोडशो से शुरू होगा जहां आबे का शानदार स्वागत किया जाएगा। रोडशो में आबे के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मौजूद रहेंगे। वे साबरमती आश्रम और सिदी सैयद मस्जिद का दौरा करेंगे।
 
प्रधानमंत्री मोदी पुराने शहर के एक होटल में आबे के लिए रात्रि भोज की मेजबानी करेंगे। अहमदाबाद को हाल में विश्व विरासत शहर की सूची में शामिल किया गया है। जापान के प्रधानमंत्री शहर के पुरातत्व महत्व के स्थलों का भ्रमण करेंगे।
 
आबे और मोदी वृहस्पतिवार को अहमदाबाद और मुंबई के बीच हाईस्पीड ट्रेन परियोजना की आधारशिला रखेंगे, जिसके 2022 तक पूरा होने की उम्मीद है और करीब दो घंटे में यह 500 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करेगी। मोदी की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए जापान ने रियायती दरों पर ऋण उपलब्ध कराया है।
 
गांधीनगर में दोनो नेता 12वें भारत जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे, जिसके बाद समझौतों का आदान प्रदान होगा। (भाषा)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें