PM मोदी की CM केजरीवाल को बधाई, अरविन्द को याद आए मनीष सिसोदिया

बुधवार, 16 अगस्त 2023 (13:36 IST)
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बुधवार को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु होने की कामना की। केजरीवाल ने शुभकामनाओं के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। केजरीवाल बुधवार को 55 वर्ष के हो गए। वहीं, केजरीवाल ने जेल में बंद अपने सहयोगी मनीष सिसोदिया को याद किया। 
 
मोदी ने 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर किए एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जन्मदिन की बधाई। मैं उनके लंबे जीवन और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं। 
प्रधानमंत्री के जवाब में केजरीवाल ने लिखा- शुभकामनाओं के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद सर। हरियाणा के भिवानी में 16 अगस्त 1968 को जन्मे केजरीवाल आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हैं।
 
मनीष सिसोदिया को किया याद : केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि वह अपने जन्मदिन पर पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को याद कर रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि सिसोदिया एक ‘झूठे मामले’ में जेल में हैं। उन्होंने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर सभी से एक मजबूत भारत की नींव रखने का संकल्प लेने को कहा।
उन्होंने कहा कि आज मेरा जन्मदिन है। बहुत से लोग शुभकामनाएं दे रहे हैं। बहुत-बहुत धन्यवाद। लेकिन मुझे मनीष की याद आ रही है। वह एक झूठे मामले में जेल में हैं। आइए, आज हम सभी प्रण करें कि हम भारत के हर बच्चे को सर्वश्रेष्ठ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार सब कुछ करेंगे।
 
आप नेता ने कहा कि इसी के माध्यम से एक मजबूत भारत की नींव रखी जाएगी। इससे भारत को नंबर 1 बनाने के हमारे सपने को साकार करने में मदद मिलेगी। इससे मनीष भी खुश होंगे।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी