उत्तरप्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक मौत का तांडव, जहरीली शराब से 100 से ज्यादा लोगों की मौत..., 175 लोग गिरफ्तार

रविवार, 10 फ़रवरी 2019 (10:18 IST)
उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में जहरीली शराब के कारण 100 से ज्यादा लोगों की मौत के बाद सरकार और प्रशासन ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। उत्तरप्रदेश के आबकारी विभाग के अनुसार हादसे पर अब तक 297 मुकदमा दर्ज करके 175 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 

सहारनपुर में 10 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार जहरीली शराब बनाने और बेचने वालों पर राष्ट्रीय सुरक्षा एक्ट (रासुका) लगाने की तैयारी कर रही है। 

टीवी समाचारों के मुताबिक दोनों राज्यों में जहरीली शराब के कारण अब तक 108 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें उत्तरप्रदेश में 77 और उत्तराखंड में 31 लोगों की मौत हुई है। उत्तराखंड के रुड़की में अब तक 31 लोग मारे जा चुके हैं जबकि यूपी में सहारनपुर में 69 और कुशीनगर में 8 लोगों की मौत की खबरें  आ रही हैं। दोनों राज्यों में मौत का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है, क्योंकि रुड़की में अभी भी कई लोगों की तबीयत बहुत गंभीर बनी हुई है।
 
मौत की संख्या 100 के पार जाने पर योगी सरकार की सख्ती के बाद प्रशासन ने अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ 15 दिन का अभियान शुरू किया है। सहारनपुर में अब तक 39 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि 35 मुकदमें दर्ज किए गए हैं। सहारनपुर में अवैध शराब की भठ्ठियों से 36,100 किलो लहन (कच्चा पदार्थ), 250 लीटर कच्ची शराब और 60 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। सहारनपुर में 16 गांव के लोग इस जहरीली शराब की चपेट में आए थे।
 
योगी ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश : शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त कार्रवाई के आदेश दिए थे। इसके बाद अवैध शराब के खिलाफ पूरे प्रदेश में जोरदार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब के ठिकानों पर पुलिस छापा मार रही है। पूरे अभियान पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) निगरानी रख रहे हैं। इस बीच सरकार ने पीड़ितों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा कर दी है। मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और इलाज कर रहे लोगों को 50-50 हजार रुपये का मुआवजा सरकार की ओर से दिया जाएगा।
 
आबकारी मंत्री करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस : जहरीली शराब की इस वीभत्स घटना के बाद राज्य के आबकारी मंत्री जय प्रताप सिंह दोपहर में लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। (Photo courtesy: ANI)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी