राष्ट्रपति मुर्मू बोलीं, महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण से ही होगी देश की प्रगति

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 4 सितम्बर 2024 (16:46 IST)
President Murmu said that the country will progress only through the economic empowerment of women : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण से देश की प्रगति और विकास होगा। उन्होंने महिलाओं से केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने को भी कहा। मुर्मू यहां एक सभा को संबोधित कर रही थीं, जहां एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार की 'मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना' तथा 'शासन आपल्या दारी' कार्यक्रमों के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिए गए।
ALSO READ: राष्ट्रपति मुर्मू बोलीं- अदालतों में लंबित मामले बड़ी चुनौती
उन्होंने कहा कि आर्थिक सशक्तीकरण से महिलाओं का व्यक्तिगत विकास होगा, जो देश की आबादी का आधा हिस्सा हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने इस बात पर खुशी जताई कि महाराष्ट्र सरकार ने 25 लाख महिलाओं को लखपति दीदी (प्रतिवर्ष 1 लाख रुपए से अधिक कमाने वाली महिलाएं) बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि 13 लाख महिलाएं पहले ही लखपति दीदी बन चुकी हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि केंद्र ने लखपति दीदियों का लक्ष्य 1 करोड़ से संशोधित कर 3 करोड़ कर दिया है। मुर्मू ने महिलाओं से अपने परिवार की देखभाल के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने को कहा। उन्होंने कहा कि अगर आप समृद्ध होंगी और स्वस्थ रहेंगी तो देश विकास और प्रगति करेगा।
ALSO READ: राष्ट्रपति मुर्मू ने दिया महिलाओं के प्रति नजरिए में बदलाव की जरूरत पर जोर
राष्ट्रपति ने कहा कि पुरुषों को महिलाओं की क्षमता को समझना चाहिए और उन्हें उनके सपनों तथा आकांक्षाओं को हासिल करने में मदद करनी चाहिए। मुर्मू ने उल्लेख किया कि देश के कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है।(भाषा)
Edited By : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी