जम्मू-कश्मीर पहुंचेगी भारत जोड़ो यात्रा, भाजपा को किस तरह जवाब देंगे राहुल गांधी?

Webdunia
गुरुवार, 19 जनवरी 2023 (08:29 IST)
जम्मू। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज पठानकोट के रास्ते जम्मू कश्मीर में प्रवेश करने जा रही है। इस बीच भाजपा ने राहुल से जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने से पहले पिछले 70 वर्षों के दौरान क्षेत्र में उनके परिवार और पार्टी द्वारा किए गए पापों के लिए लोगों से माफी मांगने की मांग की। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि राहुल जम्मू कश्मीर में इसका किस तरह जवाब देंगे।
 
भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रवींद्र रैना ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आतंकवाद का समर्थन करने वाले दलों के प्रति सहानुभूति रखती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही वास्तव में देश को एकजुट किया।
 
रैना ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार और कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के संबंध में ऐतिहासिक भूल की है और वे (कश्मीर घाटी में) आतंकवाद जारी रहने के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं, जिससे हजारों लोगों की जान चली गई है। उन्होंने कहा कि यात्रा के जम्मू-कश्मीर में प्रवेश से पहले राहुल गांधी को जनता से माफी मांगनी चाहिए।
 
<

महाराजा हरि सिंह बहादुर जी ने जब जम्मू और कश्मीर का भारत में विलय किया तब पं नेहरू ने महाराजा हरि सिंह जी को हमेशा के लिए जम्मू और कश्मीर से बाहर कर दिया था। राहुल गांधी को माफी माँगनी पड़ेगी !
- भाजपा जम्मू कश्मीर अध्यक्ष श्री @ImRavinderRaina pic.twitter.com/8kUqtAREx1

— BJP Jammu & Kashmir (@BJP4JnK) January 18, 2023 >तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 30 जनवरी को श्रीनगर में संपन्न होगी, जहां राहुल गांधी जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
 
यह पदयात्रा अभी तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से होकर गुजरी है।
Edited by : Nrapendra Gupta