SBI करेगा 10000 कर्मचारियों की नियुक्ति, देशभर में खोलेगा 600 नई शाखाएं

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

रविवार, 6 अक्टूबर 2024 (19:39 IST)
State Bank of India News : सार्वजनिक क्षेत्र का भारतीय स्टेट बैंक (SBI) चालू वित्त वर्ष (2024-25) में 10000 नए कर्मचारियों को भर्ती करने की योजना बना रहा है। बैंक यह नई भर्ती आम बैंकिंग जरूरतों और अपनी-अपनी तकनीकी क्षमता को बढ़ावा देने के लिए करेगा। एसबीआई चालू वित्त वर्ष में देशभर में 600 शाखाएं खोलने की योजना भी बना रहा है।
 
बैंक ने निर्बाध ग्राहक सेवा प्रदान करने के साथ-साथ अपने डिजिटल चैनल को मजबूत करने के लिए प्रौद्योगिकी में महत्वपूर्ण निवेश किया है। एसबीआई के चेयरमैन सीएस शेट्टी ने कहा, हम अपने कार्यबल को प्रौद्योगिकी पक्ष के साथ-साथ सामान्य बैंकिंग पक्ष पर भी मजबूत कर रहे हैं। हमने हाल ही में प्रवेश स्तर और थोड़े उच्च स्तर पर लगभग 1,500 प्रौद्योगिकी लोगों की भर्ती की घोषणा की है।
ALSO READ: SBI Amrit Vrishti Scheme : क्या है SBI की 444 दिनों के लिए ‘अमृत वृष्टि’ FD स्कीम और कैसे मिलेगा फायदा
उन्होंने कहा, हमारी प्रौद्योगिकी भर्ती डेटा वैज्ञानिकों, डेटा आर्किटेक्ट्स, नेटवर्क संचालकों आदि जैसी विशेष नौकरियों पर भी है। हम उन्हें प्रौद्योगिकी पक्ष में विभिन्न प्रकार की नौकरियों के लिए भर्ती कर रहे हैं, इसलिए कुल मिलाकर हमारी वर्तमान वर्ष की आवश्यकता लगभग 8,000 से 10,000 लोगों की होगी। लोगों को विशेष और सामान्य दोनों पक्षों में जोड़ा जाएगा।
 
मार्च, 2024 तक बैंक के कुल कर्मचारियों की संख्या 2,32,296 थी। इसमें से पिछले वित्त वर्ष के अंत में 1,10,116 अधिकारी बैंक में कार्यरत थे। क्षमता निर्माण के बारे में पूछे जाने पर शेट्टी ने कहा कि यह एक सतत प्रक्रिया है और बैंक ग्राहकों की उभरती जरूरतों को पूरा करने के लिए मौजूदा कर्मचारियों को पुनः प्रशिक्षित और उन्नत बनाता है।
ALSO READ: SBI ने बॉन्ड के जरिए जुटाए 10 हजार करोड़, निवेशकों से मिला जबर्दस्त प्रतिसाद
उन्होंने कहा, ग्राहकों की अपेक्षाएं बदल रही हैं, तकनीक बदल रही है, डिजिटलीकरण को व्यापक रूप से अपनाया जा रहा है। इसलिए, हम सभी स्तर पर अपने कर्मचारियों को लगातार नया कौशल प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैंक ग्राहकों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने और बेहतर बैंकिंग अनुभव प्रदान करने के लिए कुछ विशिष्ट क्षेत्रों में विशेष कौशल विकास प्रदान करता है।
 
जहां तक ​​नेटवर्क विस्तार की बात है, शेट्टी ने कहा कि एसबीआई चालू वित्त वर्ष में देशभर में 600 शाखाएं खोलने की योजना बना रहा है। मार्च, 2024 तक एसबीआई के पास देशभर में 22,542 शाखाओं का नेटवर्क है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी