शशि थरूर का तंज, आखिरकार अबकी बार, 400 पार हुआ, लेकिन दूसरे देश में

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 5 जुलाई 2024 (23:18 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने ब्रिटेन में लेबर पार्टी की आम चुनाव में भारी जीत के बाद शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 'अबकी बार, 400 पार' आखिरकार हो गया, लेकिन किसी दूसरे देश में।
 
लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा नेताओं ने दावा किया था कि उसे 370 से अधिक सीटें मिलेंगी जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) '400 पार' करेगा। पिछले महीने संपन्न हुए चुनाव में भाजपा ने 240 सीटों पर जीत दर्ज की और बहुमत से दूर रह गई, लेकिन राजग ने 293 सीटों के साथ बहुमत हासिल कर लिया था। कांग्रेस को 99 सीटें मिलीं जबकि विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' को 234 सीटों पर जीत मिली थी।

ALSO READ: संसद में प्रियंका गांधी की मौजूदगी से कांग्रेस को लाभ होगा : थरूर
 
थरूर ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि आखिरकार 'अबकी बार 400 पार' हुआ, लेकिन दूसरे देश में!' लेबर पार्टी के नेता केअर स्टॉर्मर बकिंघम पैलेस में महाराजा चार्ल्स तृतीय से मुलाकात के बाद आधिकारिक रूप से ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री बन गए।
 
ब्रिटेन के ऐतिहासिक आम चुनाव में उनकी पार्टी ने जीत हासिल की है। लेबर पार्टी ने 650 सदस्य‍ीय 'हाउस ऑफ कॉमन्स' में 412 सीट हासिल कीं। यह संख्या 2019 में पिछले चुनाव में प्राप्त सीटों से 211 अधिक है। ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी ने 121 सीटों पर जीत दर्ज की, जो पिछले चुनाव में प्राप्त सीटों से 250 कम हैं। लेबर पार्टी का मत प्रतिशत 33.7 रहा जबकि कंजर्वेटिव पार्टी का मत प्रतिशत 23.7 रहा।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी