भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए सिद्धू मूसेवाला के पिता, राहुल गांधी ने जालंधर में की पूजा

रविवार, 15 जनवरी 2023 (22:57 IST)
जालंधर। कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के कारण 24 घंटे तक निलंबित रहने के बाद खालसा कॉलेज मैदान से फिर शुरू हुई राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। यात्रा शुरू होने के बाद गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह भी राहुल गांधी के साथ कुछ दूर तक चले। 
 
चौधरी का रविवार को जालंधर जिले में स्थित उनके पैतृक गांव धालीवाल में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। राहुल गांधी भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। 2 बार सांसद रहे 76 वर्षीय चौधरी का शनिवार को पंजाब के फिल्लौर में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। यात्रा दोबारा शुरू करने से पहले राहुल गांधी ने जालंधर में देवी तालाब मंदिर में पूजा-अर्चना की।
ALSO READ: CM शिवराज सिंह चौहान के हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी, कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
अपराह्न करीब तीन बजे यात्रा शुरू होने के बाद गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह भी राहुल गांधी के साथ कुछ दूर तक चले। दोनों ने एक-दूसरे को गले भी लगाया। सिद्धू मूसेवाला की पिछले साल मई में पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
 
कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा कि आज भारत जोड़ो यात्रा में प्रसिद्ध पंजाबी गायक दिवंगत सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू ने राहुल गांधी के साथ नफरत, भय और हिंसा फैलाने वाली ताकतों को करारा जवाब दिया। बाद में, यात्रा के दौरान दो युवकों ने राहुल गांधी को मूसेवाला की एक तस्वीर भी दी। मूसेवाला ने कांग्रेस के टिकट पर मानसा सीट से 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वे हार गए थे।
 
पंजाब प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीतसिंह चन्नी, विधायक परगट सिंह और पार्टी के अन्य नेताओं ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में भाग लिया।  भाषा Edited by Sudhir Sharma

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी