weather update : पहाड़ों पर भारी बर्फबारी, जयपुर में बारिश ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

मंगलवार, 6 फ़रवरी 2024 (07:32 IST)
Weather Update 6 February : हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में सोमवार को भी बारिश के साथ भीषण बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, बिहार और बंगाल समेत ज्यादातर मैदानी राज्यों में सुबह कोहरा छाया रहा। राजस्थान के जयपुर में बारिश ने 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
 
कश्मीर में शीतलहर : भीषण सर्दी ‘चिल्लाई कलां’ की 40 दिनों की अवधि समाप्त होने के बाद भी कश्मीर में बर्फबारी का दौर जारी है। कई इलाकों में मोटी बर्फ की चादर बिछ गई है। कश्मीर में सोमवार को अधिकतर स्थानों पर तापमान जमाव बिंदु से नीचे चले जाने के साथ ही घाटी में शीतलहर का प्रभाव बढ़ गया है। भारी हिमपात से पहलगाम में पारा शून्य से 11.9 डिग्री नीचे चला गया है। श्रीनगर में भी माइनस 0.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मंगलवार से कश्मीर में मौसम में सुधार होने की उम्मीद है।
 
हिमाचल में बर्फबारी, 645 सड़के बंद : हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बारिश जारी है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है और 4 राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 645 सड़कों पर सोमवार को वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। शिमला में 242, लाहौल और स्पीति में 157, कुल्लू में 93, चंबा में 61 और मंडी जिले में 51 सड़कें बंद हैं।
 
लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी रात में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि कांगड़ा का देहरा गोपीपुर दिन में 14 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। स्थानीय मौसम कार्यालय ने अगले छह दिन तक राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है।
 
पंजाब हरियाणा में घना कोहरा : पंजाब, हरियाणा में सोमवार को ठंड का प्रकोप जारी रहा और अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में कई स्थानों पर कोहरा छाया रहा।
 
पठानकोट में 7.3, बठिंडा में 6.6, फरीदकोट में 5.5 और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के सिरसा में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नारनौल में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा।
 
राजस्थान में बारिश : पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते राजस्थान के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। राजधानी जयपुर में रविवार को एक ही दिन में 22 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई जो दस साल में सबसे अधिक है। अगले 2 तीन दिन में न्यूनतम तापमान में दो-चार डिग्री गिरावट होने और उत्तरी भागों में कहीं-कहीं घना कोहरा होने की संभावना है।
 
दिल्ली में सामान्य समय पर खुलेंगे स्कूल : दिल्ली में मौसम में सुधार होने के बाद मंगलवार से स्कूलों को सामान्य समय पर खोलने का निर्देश दिया गया है। शिक्षा निदेशालय ने सोमवार को जारी एक आदेश में कहा कि दिल्ली में मौसम की बेहतर स्थिति को देखते हुए सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को सामान्य समय पर खोला जाएगा।
 
पिछले महीने दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय के एक परिपत्र के बाद, ठंड की स्थिति के कारण दिल्ली के स्कूलों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच कक्षाएं आयोजित की जा रही थीं।
Edited by : Nrapendra Gupta 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी