मुंबई पहुंचा श्रीदेवी का पार्थिव शरीर, आज होगा अंतिम संस्कार (वीडियो)

मंगलवार, 27 फ़रवरी 2018 (23:03 IST)
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी का पार्थिव शरीर मंगलवार रात मुंबई पहुंचा। बोनी कपूर के भाई और फिल्म अभिनेता अनिल कपूर मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे थे। श्रीदेवी का पार्थिव शरीर उनके लोखंडवाला स्थित घर लाया गया। श्रीदेवी के घर प्रशंसकों की काफी भीड़ जमा हो गई थी।

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, श्रीदेवी का अंतिम संस्कार आज दोपहर साढ़े 3 बजे विले पार्ले के सेवा समाज शवदाह गृह में किया जाएगा। श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को आज सुबह साढ़े 9 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक मुंबई के सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। 
बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी की दुबई के होटल के बाथटब में गिरकर डूबने से हुई मौत की जांच पूरी होने के बाद मामले को बंद कर दिया गया है। दुबई अभियोजक ऑफिस ने इस बात की घोषणा की। बाद में श्रीदेवी का पार्थिव शरीर उनके परिवार वालों को सौंपा गया। इसके बाद पार्थिव शरीर चार्टड प्लेन से मुंबई भेजा गया। श्रीदेवी का निधन 24 फरवरी को दुबई में हुआ था।

श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को देखकर उनकी दोनों बेटियां जाहन्वी और खुशी रोने लगीं। मंगलवार देर रात से ही श्रीदेवी के घर फिल्मी हस्तियां पहुंचने लगी थीं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी